Maharashtra Crisis: संजय राउत जोकर का ड्रामा देखिए... शिवसेना का बाजा बजा दिया; भाजपा सांसद ने गंदी जुबान पर लताड़ा VIDEO
Maharashtra Crisis महाराष्ट्र की राजनीति में आए भूचाल पर झारखंड के भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने चुटकी ली है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा- इस संजय राउत जोकर ने संसद का और शिवसेना का बाजा बजा दिया। मूर्खों से मित्रता से बेहतर होता है होशियार दुश्मन रखना।
रांची, जेएनएन। Maharashtra Crisis महा विकास अघाड़ी की सरकार पर चौतरफा संकट के बीच महाराष्ट्र की राजनीति में आए भूचाल पर झारखंड के भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने चुटकी ली है। उन्होंने संजय राउत का एक वीडियो शेयर करते हुए उनके आचरण को संसद की मर्यादा के प्रतिकूल बताया है। इस वीडियो में संजय राउत यह कहते सुने जा रहे हैं कि गुवाहाटी से 40 शव यहां आएंगे तो सीधे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे जाएंगे। निशिकांत दूबे ने रविवार शाम को ट्विटर पर लिखा- इस संजय राउत जोकर ने संसद का और शिवसेना का बाजा बजा दिया। मूर्खों से मित्रता से बेहतर होता है, होशियार दुश्मन रखना।
भाजपा सांसद ने यह कड़ी प्रतिक्रिया शिवसेना के राज्यसभा सदस्य संजय राउत के उस बयान पर दिया है, जिसमें शिवसेना के बागी 40 विधायकों के बारे में संजय राउत कह रहे हैं कि गुवाहाटी से मुंबई आने पर सीधा उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। यानी उनकी हत्या कर दी जाएगी। भाजपा सांसद ने इस तरह के बयान को अमर्यादित और संसद की गरिमा के खिलाफ बताया है। उन्होंने शिवसेना में हुए व्यापक विद्रोह के लिए संजय राउत को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उन्होंने देखते-देखते शिवसेना का बाजा बजा दिया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को इशारे में नसीहत देते हुए निशिकांत दूबे ने कहा कि मूर्खों से मित्रता से बेहतर होता है, होशियार दुश्मन रखना।
इस संजय राउत जोकर ने संसद का और शिवसेना का बाजा बजा दिया ।मूर्खों से मित्रता से बेहतर होता है,होशियार दुश्मन रखना। https://t.co/6pbXXuSjSG— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) June 26, 2022
बता दें कि महाराष्ट्र की राजनीतिक परिस्थितियां बेहद बिगड़ गई हैं। वहां शिवसेना विधायक एकनाथ शिंदे की अगुआई में 40 विधायकों ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ये सभी विधायक पहले सूरत गए, बाद में वहां से गुवाहाटी पहुंच गए। इस बीच एकनाथ शिंदे में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना, कांग्रेस व एनसीपी की महा विकास अघाड़ी सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
इधर शिवसेना प्रवक्ता और उद्धव ठाकरे के करीबी संजय राउत बागी विधायकों पर लगातार कड़े हमले बोल रहे हैं। बीते दो दिनों से वे लगातार एकनाथ शिंदे और बागी विधायकों को तरह-तरह की चेतावनी दे रहे हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडनवीस की अगुआई में अब बीजेपी भी खुलकर मैदान में आ गई है। वे शिवसेना के बागी विधायकों से बीते दिन मिले और उनके साथ लंबी बातचीत की। हालांकि शिवसेना के बागी विधायकों से उनकी क्या बात हुई, इस बारे में अबतक पता नहीं चल सका है।
इधर एकनाथ शिंदे ने महा विकास आघाड़ी पर निशाना साधते हुए कहा कि मुंबई बम धमाके, दाउद इब्राहिम से जुड़े लोगों को कैसे समर्थन दिया यह उनकी समझ से परे है। उन्होंने ट्विटर पर संदेश लिखा- बालासाहब ठाकरे की शिवसेना उनलोगों का समर्थन कैसे कर सकती है जिनका मुंबई बम धमाका और दाउद इब्राहिम से सीधा संबंध था। बता दें कि एकनाथ शिंदे लगातार कह रहे हैं कि शिवसेना को हिंदुत्व को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा के साथ सरकार बनानी चाहिए न कि कांग्रेस और एनसीपी के साथ। वे कई बार महा विकास अघाड़ी की सरकार पर निशाना साध चुके हैं।