विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 25, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

धर्म छिपाकर लड़की को प्रेम जाल में फंसाया, फिर घर से भगाया; जबरन कराया गर्भपात

By Alok ShahiEdited By:
Published: Tue, 25 Feb 2020 08:38 PM (IST)Updated: Wed, 26 Feb 2020 08:02 AM (IST)

29 वर्षीय एक युवती ने रेहान अजीम नामक एक युवक पर धर्म छिपाकर प्रेम जाल में फंसाने तथा शादी के ...और पढ़ें

धर्म छिपाकर लड़की को प्रेम जाल में फंसाया, फिर घर से भगाया; जबरन कराया गर्भपात
धर्म छिपाकर लड़की को प्रेम जाल में फंसाया, फिर घर से भगाया; जबरन कराया गर्भपात

गुमला, जासं। गुमला में लव जेहाद का एक मामला मंगलवार को प्रकाश में आया है। 29 वर्षीय एक युवती ने रेहान अजीम नामक एक युवक पर धर्म छिपाकर प्रेम जाल में फंसाने तथा शादी के नाम पर डेढ़ वर्ष तक यौन शोषण करने का आरोप मढ़ा है। युवती अपनी शिकायत लेकर मंगलवार को एसपी अंजनी कुमार झा के पास पहुंची। उसने कहा कि युवक शादी से पहले उसपर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था, जब उसने इससे इन्कार किया तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। एसपी ने पीडि़ता की शिकायत आवश्यक निर्देशों के साथ गुमला थाना को भेज दी है। खबर लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई चल रही थी।

युवती और गुमला पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वर्ष 2011-12 में जशपुर में मेला लगा था। युवती ने इस मेले में लगी एक दुकान से सामान की खरीदारी की। इस दौरान दुकानदार ने उससे मीठी-मीठी बातेें की। अपना नाम राजू एवं धर्म हिंदू बताया। युवक की बातों में आकर उसने उसे अपना मोबाइल नंबर दे दिया। इसके बाद लगभग पांच साल तक दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होते रही।

युवक जब भी जशपुर जाता, उसे अपने पास बुलाता। युवक ने इस बीच युवती को शादी का प्रस्ताव दिया, जिसपर वह सहमत हो गई। युवती के पिता का देहांत हो चुका था। उसके घर में उसकी मां और तीन नाबालिग भाई हैं।  महिला थाना की प्रभारी सरस्वती कुमारी के अनुसार युवती को मेडिकल जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके  बाद आगे की कार्रवाई होगी।

शादी का वादा कर लाया गुमला

युवती के अनुसार 12 अगस्त 2018 को राजू ने शादी का वादा कर उसे गुमला ले लाया। उसने राम नगर में कमरा लिया और उसे उसी कमरा में रखा। मकान मालिक का बेटा अनिल साहु युवक का दोस्त है। रात में राजू उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था। दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। इस बीच 12 अगस्त 2019 को राजू युवती को लेकर आजाद बस्ती स्थित अपने घर पहुंचा। उसे तब यह पता चला कि उसके साथ छल हुआ है।

वह हिंदू नहीं,मुस्लिम है। चूंकि वह फंस चुकी थी। लिहाजा मजबूरी में राजू के घर में रहने लगी। उसके घर वाले राजू को रेहान अजीम आदि नाम से पुकारते थे। युवती जब भी उसपर  शादी का दबाव बनाती, उस पर धर्म बदलने का दबाव बनाया जाता। जब वह राजी नहीं हुई तो मारपीट और गाली गलौज कर उसे घर से निकाल दिया गया। अब तक उसका दो बार गर्भपात कराया जा चुका है।