तीन दिनों तक छाए रहेंगे बादल, हल्के से मध्यम दर्जे की होगी बारिश
रांची मौसम पूर्वानुमान के तहत 20 से 22 मार्च तक रांची समेत आसपास के क्षेत्रों मे बादल छाए रहेंगे।
जागरण संवाददाता, रांची : मौसम पूर्वानुमान के तहत 20 से 22 मार्च तक रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि फिलहाल पश्चिमी विदर्भ से ओडिशा के आंतरिक हिस्सों में समुद्रतल से ऊपर 0.9 किमी. क्षेत्र में टर्फ बना हुआ है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी अफगानिस्तान व उससे जुड़े पाकिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में पश्चिमी विक्षोभ का असर है, जो समुद्रतल से ऊपर 1.5 व 3.1 किमी. क्षेत्र के बीच स्थित है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार से पश्चिमी हिमालयन क्षेत्र प्रभावित होगा।
इधर, गुरुवार को सामान्य तापमान की अपेक्षा रांची के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 3.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार की शाम रांची में 0.6 मिमी., जमशेदपुर में 0.6 मिमी. व डालटनगंज में 0.2 मिमी. बारिश हुई। दक्षिणी व मध्य भाग में गरज के साथ होगा वज्रपात
मौसम विभाग के निदेशक ने बताया कि शुक्रवार को राज्य के दक्षिणी व मध्य भाग में कुछ स्थानों पर गरज के साथ वज्रपात होगा। शनिवार को राज्य के कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ गरज के साथ वज्रपात होने की संभावना है। 22 मार्च को राज्य के दक्षिणी-पश्चिमी भाग में गरज के साथ वज्रपात होने की संभावना है।
मौसम पूर्वानुमान के तहत उन्होंने बताया कि शुक्रवार को राज्य के दक्षिणी व मध्य भाग में गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 21 मार्च को राज्य के कई जिलों में गरज व वज्रपात के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। 22 मार्च को राज्य के दक्षिणी-पश्चिमी भाग में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 23 से 25 मार्च तक मौसम शुष्क रहेगा। गुरुवार का तापमान (डिसे. में)
शहर अधिकतम न्यूनतम
रांची 29.5 14.6
जमशेदपुर 33.0 17.6
डालटनगंज 29.0 15.7