नशे के विवाद में दो समुदायों में हल्की झड़प, बैठक के बाद सुलझा मामला
अपर हटिया में नशे के विवाद को लेकर दो गुट के युवकों में हल्का विवाद ने दो समुदाय के बीच विवाद का रूप ले लिया। बाद में वह शांत कराया गया।
जागरण संवाददाता, तुपुदाना : अपर हटिया में नशे के विवाद को लेकर दो गुट के युवकों में हल्की झड़प के बाद होली वाले दिन मंगलवार की शाम माहौल तनावपूर्ण हो गया था। दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए थे। पथराव भी हुआ था। हालांकि ऐन वक्त पर पुलिस और अमनपसंदों ने माहौल को नियंत्रित कर लिया। इसके बाद दूसरे दिन बुधवार को दोनों समुदाय के लोगों ने बैठक की। बैठक में असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के बाद विवाद सुलझ गया। लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर गिले सिकवे दूर किए। लोगों ने कहा कि किसी कीमत पर सामाजिक सौहार्द्र नहीं बिगड़ने देंगे।
दरअसल, जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के अपर हटिया में मंगलवार की शाम मुस्लिम मोहल्ला और चाईबासा टोली के ग्रामीणों के बीच स्वर्णरेखा नदी किनारे स्थित सरना स्थल पर गांजा पीने का विरोध करने के बाद हुए विवाद में माहौल बिगड़ गया था। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति को काबू में कर दिया। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे थे। हटिया एएसपी विनीत कुमार, तुपुदाना ओपी प्रभारी तारिक अनवर मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया। दो घंटे तक चली बैठक :
विवाद के बाद बुधवार को 11 बजे बाल गोविंद स्कूल में दोनों पक्षों की बैठक हुई। इसमें दोनों समुदाय के लोग शामिल हुए। बैठक करीब 2 घटे तक चली। जिसमें दोनों पक्षों में आपसी सौहार्द बनाए रखने पर सहमति जताई। आइंदा इस तरह का विवाद नहीं होने की बात कही गई। बैठक में जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अभय कुमार सिंह, प्रशिक्षु दारोगा दिनेश रजक, अंजुमन हटिया के सदर परवेज, पार्षद निरंजन, सामाजिक कार्यकर्ता उमेश प्रसाद, शमीम, मनोज साहू सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।