NCC: एनसीसी की तर्ज पर राज्य में बनेंगे लीगल कैडेट
राज्य में एनसीसी की तर्ज पर एलसीसी बनाए जा रहे हैं। सरकारी स्कूलों पढऩे वाले छात्रों को लीगल कैडेट बनाने के लिए पढ़ाई के साथ-साथ कानूनी जानकारी दी जा रही।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य में एनसीसी (नेशनल कैडेट कोर) की तर्ज पर एलसीसी (लीगल कैडेट कार्प) बनाए जा रहे हैं। सरकारी स्कूलों पढऩे वाले छात्रों को लीगल कैडेट बनाने के लिए पढ़ाई के साथ-साथ कानूनी जानकारी दी जा रही, ताकि ये भविष्य में न्यायिक पदाधिकारी बन सकें।
झारखंड ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य होगा। एनसीसी की तरह लीगल कैडेट को भी अलग दिखने के लिए एक ड्रेस कोड तैयार किया गया है। इस योजना की शुरुआत गुमला जिले से किए जाने की संभावना है। जिस स्कूल के छात्र लीगल कैडेट बनेंगे वहां के एक शिक्षक को कैप्टन व प्राचार्य को लेफ्टिनेंट कर्नल बनाया जाएगा। इनके लिए भी ड्रेस तैयार किया गया है। इसकी सारी तैयारी पूरी कर ली गई है।
सात सौ विद्यार्थी बनेंगे एलसीसी
राज्य में पहले चरण में करीब सात सौ विद्यार्थियों को एलसीसी बनाया जा रहा है। अवकाश में लीगल कैडेट आसपास के गांवों में लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। गांवों में अशिक्षा व गरीबी के चलते लोगों को कानूनी अधिकारों की कम ही जानकारी है और वो अधिकारियों को अपनी समस्या बताने से भी कतराते हैं।
लीगल कैडेट गांव के लोगों में घुलमिल कर उनकी समस्या जानने की कोशिश करेंगे। गांव के बच्चों के साथ खेलों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उनकी शिक्षा और आरटीई (शिक्षा के अधिकार) के अनुपालन का पता लगाया जा सके।
स्कूलों में खुल चुका है लिटरेसी क्लब
झालसा की ओर से राज्य के निजी व सरकारी करीब 645 स्कूलों में लिटरेसी क्लब स्थापना की गई है, जिसके तहत विद्यार्थियों को अलग से कानून की शिक्षा प्रदान जाती है। डायन-बिसाही, बाल विवाह, मानव तस्करी जैसे मामलों से निपटने की कानूनी जानकारी दी जाती है, ताकि विद्यार्थी इसकी जानकारी दूसरों को दे सकें।