Land Dispute: रांची में हर शनिवार को होगा भूमि विवाद का समाधान
Land Dispute in Jharkhand उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारी और थाना प्रभारियों को इस संबंध में निर्देश दिया है। इससे विधि व्यवस्था सामान्य बने रहने में भी मदद मिलेगी।
रांची, जासं। Land Dispute Jharkhand रांची जिले में भूमि विवाद से संबंधित मामलों का अब और तेजी से निपटारा हो सकेगा। जिले के सभी अंचलों में हर शनिवार को भूमि विवाद समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त छवि रंजन ने सभी अंचलों में भूमि विवाद समाधान दिवस आयोजित करने को लेकर सभी अंचल अधिकारी और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है।
अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी संयुक्त रूप से भूमि विवाद समाधान दिवस का आयोजन करेंगे। जिसमें अंचल निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक एवं अंचल अमीन भी उपस्थित रहेंगे, ताकि भूमि विवादों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित हो सके। उपायुक्त ने वैसे मामले जिनका निष्पादन तुरंत संभव नहीं है, उन मामलों में अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। भूमि विवाद समाधान दिवस में आए मामलों से संबंधित प्रतिवेदन को हर सोमवार निश्चित रूप से उपलब्ध कराने काे कहा गया है।
भूमि विवाद मुख्यतः भूमि की मापी, भूमि का बंटवारा, नामांतरण, सीमांकन, दखल-कब्जा आदि से जुड़े होते हैं। उपायुक्त ने कहा कि ससमय भूमि से संबंधित मामलों का निपटारा होने से भूमि विवादों की संख्या में कमी आएगी और इससे विधि व्यवस्था सामान्य बने रहने में भी मदद मिलेगी।