Jharkhand Assembly Election 2019: लालू के राजद की दो टूक, हेमंत हमारे नेता- कांग्रेस से क्यों होगी बात
झारखंड में विधानसभा चुनाव से पहले मद्धिम पड़ती जा रही लालटेन की लौ को तेज करने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। पांच लाख नए सदस्य के लक्ष्य के विरुद्ध अबतक 90 हजार सदस्य बनाए जा चुके हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। प्रदेश राजद अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने कहा कि राजद महागठबंधन का पक्षधर है। आसन्न विधानसभा चुनाव में राजद अपने आधार क्षेत्र वाले हिस्सों में सम्मानजनक हिस्सेदारी की उम्मीद करता है। यह पूछने पर कि विपक्ष का दूसरा बड़ा घटक कांग्रेस के बारे में क्या कहेंगे, अबतक उसने अपना अध्यक्ष तक नहीं चुना है। कहीं लोस चुनाव की तरह गांठ तो नहीं पड़ेगी। उन्होंने दो टूक कहा कि नेता प्रतिपक्ष सह झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन उनके नेता हैं। फिर कांग्रेस से बात क्यों होगी?
अभय सिंह ने इस बीच झारखंड में क्रमिक रूप से मद्धिम पड़ती जा रही लालटेन की लौ को तेज करने की कवायद पर फोकस किया। उन्होंने कहा कि दल से बड़ी संख्या में लोग जुड़े रहे हैं। पांच लाख नए सदस्य के लक्ष्य के विरुद्ध अबतक 90 हजार सदस्य बनाए जा चुके हैं। ऑनलाइन सदस्य बनाए जाने का तंत्र विकसित हो चुका है। सक्रिय कार्यकर्ताओं को इसका प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। बूथ स्तर तक पर संगठन का विस्तार हो चुका है। भाजपा को परास्त करना विपक्ष का इकलौता मकसद है। सारे विपक्षी दल मिलकर इस लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।