अब राजद में जूतम-पैजार, नेताओं में शह-मात का खेल शुरू
थम नहीं रही राजद में गुटबाजी आरोप-प्रत्यारोप जारी। युवा राजद ने पलामू और चतरा जैसी मजबूत सीट हारने पर प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा से इस्तीफे की मांग की।
रांची, राज्य ब्यूरो। प्रदेश राजद में गुटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही। प्रदेश राजद और युवा राजद के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। पिछले दिनों प्रदेश राजद ने युवा राजद अध्यक्ष अभय कुमार सिंह के निर्देश पर उनके सहयोगियों द्वारा प्रदेश राजद अध्यक्ष का पोस्टर फाड़ डालने का आरोप मढ़ा था। इससे इतर युवा राजद ने इन आरोपों के सिरे से खारिज करते हुए राजद को कमजोर करने की तोहमत प्रदेश राजद अध्यक्ष गौतम सागर राणा पर लगाई थी।
- राजद ने युवा राजद पर अध्यक्ष का पोस्टर फाडऩे का लगाया था आरोप
- युवा राजद की दलील, प्रदेश में संगठन को कमजोर कर रहे प्रदेश अध्यक्ष
युवा राजद के प्रवक्ता शैलेंद्र शर्मा ने प्रदेश राजद अध्यक्ष पर दल के शीर्ष नेतृत्व को गुमराह करने का आरोप लगाया। रही सही कसर सोमवार को महासचिव धर्मेंद्र महतो ने पूरी कर दी। सोमवार को मीडिया से मुखातिब महासचिव ने दो टूक कहा कि प्रदेश नेतृत्व कार्यकर्ताओं को संगठित करने में असफल रहा है।
पलामू और चतरा जैसी मजबूत सीट हारने की यह बड़ी वजह रही। ऐसे में नैतिकता के आधार पर उनको इस्तीफा दे देना चाहिए। इससे इतर वे न तो इस्तीफा ही दे रहे हैं और न ही संगठन की मजबूती पर ही ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मसले को राष्ट्रीय अध्यक्ष तक ले जाया जाएगा। उनसे मांग की जाएगी कि प्रदेश राजद के नेतृत्व की जवाबदेही ऐसे व्यक्ति को दी जाए, जो हर मामले में सशक्त हो।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप