जेल में लालू से मिले शरद यादव, पीएम मोदी; नीतीश व रघुवर पर साधा निशाना
जेल में शरद यादव से मिलने व बातचीत पर लालू प्रसाद ने कहा कि विपक्षी एकता को मजबूती मिलेगी।
रांची, जेेएनएन। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड से बाहर हुए शरद यादव ने आज बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने विपक्षी एकता सहित कई मसलों पर चर्चा की।
इस मौके पर शरद यादव ने कहा कि भाजपा के खिलाफ विपक्षी दल गोलबंद हो रहे हैं। झारखंड में विपक्ष को 1 मंच पर लाने की तैयारी चल रही है। उनके मुताबिक, झारखंड सरकार केंद्र से चल रही है। रघुवर सरकार गो रक्षा के नाम पर सरकार खेल कर रही है।
इस दौरान शरद यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी तंज कसा। कहा कि उन्होंने जनादेश की हत्या की है।
लालू बोले, शरद यादव से विपक्षी एकता पर हुई बात
इधर, चारा घोटाले में सीबीआइ कोर्ट में पेश होने के बाद लालू ने कहा कि शरद यादव से विपक्षी एकता की बात हुई है। सीबीआइ कोर्ट में पेशी के बाद निकले लालू प्रसाद ने कोर्ट परिसर में मीडिया वालों से बातचीत की। जेल में शरद यादव से मिलने व बातचीत पर लालू प्रसाद ने कहा कि 8-10 मिनट सकारात्मक बातें हुई हैं। विपक्षी एकता को मजबूती मिलेगी। कहा कि देश को मजबूत किया जाएगा। देश में माहौल सही नहीं चल रहा है।
शरद यादव ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
उन्होंने लालू से मिलने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि नोटबंदी से पूरा देश आर्थिक संकट में है। किसी भी संगठन को मजबूत करने के लिए संगठित होने जरूरी है। बिहार में एकता की ताकत को दिखाते हुए सांप्रदायिक ताकतों को उखाड़ फेंकेंगे।
जेल में लालू से मिलने पहुंचे शरद यादव।
जेल गेट पर कड़ी सुरक्षा रही।
इधर, लालू से मिलने के लिए बड़ी संख्या में जेल गेट पर समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा। लालू से मिलने के लिए एक दर्जन से अधिक लोगों ने अनुमति मांगी थी। हालांकि लालू से मिलने मुलाकाती कक्ष शरद यादव के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और पूर्व मंत्री प्रदीप यादव पहुंचे। बताया जा रहा है कि झारखंड में भी विपक्षी दलों को संगठित करने पर भी चर्चा हुई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।