Makar Sankranti 2020: शुगर बढ़ने के बावजूद लालू को आज तिलकुट खाने की छूट, चूड़ा-दही ले रांची पहुंचे समर्थक
Lalu Prasad Yadav celebrated Makar Sankranti 2020 उन्हें सीमित मात्रा में तिलकुट और मिठाई खाने की छूट दी गई है। अगर इसकी मात्रा ज्यादा हुई तो उनकी सेहत के लिए नुकसानदेह होगा।
रांची, जासं। Lalu Prasad Yadav celebrated Makar Sankranti 2020 मकर संक्रांति पर्व पूरे उल्लास से मनाने वाले लालू प्रसाद का इस साल भी यह त्योहार रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के पेइंग वार्ड में ही मनेगा। चारा घोटाले के सजायाफ्ता राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद रिम्स में इलाज करा रहे हैं। मकर संक्रांति के मौके पर बिहार से लालू के कई समर्थक चूड़ा, दही, तिलकुट व लाई आदि के साथ ताजी हरी सब्जियां लेकर पहुंचे हैं।
इधर, रिम्स में इलाज करा रहे लालू प्रसाद के स्वास्थ्य को देखते हुए उनके खाने-पीने पर काफी पाबंदी लगाई गई है। वे शुगर के मरीज हैं और उन्हें रोजाना 80 से 82 यूनिट इंसुलिन दी जा रही है। रिम्स अधीक्षक डॉ. विवेक कश्यप ने बताया कि उनकी तमाम बीमारियों को मॉनीटर करते हुए उन्हें सीमित मात्रा में तिलकुट और मिठाई खाने की छूट दी गई है। अगर इसकी मात्रा थोड़ी भी ज्यादा हुई, तो उनकी सेहत के लिए नुकसानदेह होगा।
राजद कार्यकर्ताओं ने बांटे तिलकुट व दही-चूड़ा
मंगलवार को पेइंग वार्ड के बाहर राजद के प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह ने जरूरतमंदों के बीच दही, चूड़ा, तिलकुट आदि बांटे। अभय सिंह ने कहा कि लालू प्रसाद हर साल इस त्योहार को धूमधाम से मनाते आए हैं। लेकिन दो साल से इस त्योहार को परिवार के साथ नहीं मना पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीते साल भी पेइंग वार्ड के बाहर जरूरतमंदों के बीच दही, चूड़ा व तिलकुट वितरण किया गया था। इधर, पेइंग वार्ड के बाहर पूरे दिन राजद नेताओं का जमावड़ा लगा रहा है। सभी अपने साथ बिहार से उनके लिए संदेश लेकर पहुंचे थे।