फोन पर पत्नी से बात करते-करते युवक ने खुद को मार ली गोली
युवक का नाम उदय शंकर गुप्ता है और वह दिल्ली में रेलवे में कॉन्ट्रैक्ट पर नौकरी करता था। पत्नी से बात करते-करते उसने खुद को गोली मार ली। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
कोडरमा, जेएनएन। कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के भादोडीह मोहल्ला में मंगलवार रात एक युवक ने मोबाइल पर अपनी पत्नी से बात करते-करते अपनी कनपटी में गोली मार ली। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। घरवालों की घटना की जानकारी सुबह हुई। युवक के पास रिवाल्वर कहां से आया, इस बारे में परिजन कुछ बता नहीं पा रहे हैैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
उदय के पिता डॉ. जीपी गुप्ता शहर के जाने माने होमियोपैथ चिकित्सक रहे हैैं। परिजनों के अनुसार उदय दिल्ली में अनुबंध पर नौकरी करता था। कुछ माह पहले उसकी नौकरी भी छूट गई थी। पत्नी के साथ भी उसका कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। एक वर्ष से उसकी पत्नी अपने मायके दुर्गापुर में रह रही थी। वहीं उदय के पिता डॉ. जीपी गुप्ता भी कई माह से किडनी रोग से पीडि़त हैं और डायलिसिस पर ही उनका जीवन चल रहा है। कई तरह की पारिवारिक परेशानियों के कारण युवक मानसिक तनाव से गुजर रहा था।
उदय की बहन मधु के अनुसार दिल्ली से लौटने के बाद उदय अपने माता-पिता की सेवा में लगा हुआ था। इस बीच उसके चेहरे पर कभी तनाव नहीं दिखा। घटना वाली रात वह अपनी पत्नी से बात करते हुए कमरे में सोने गया था। रात तकरीबन 11 बजे कुछ आवाज आई, लेकिन शादी-विवाह में आतिशबाजी का अंदेशा जताते हुए उन्होंने इसे नजरंदाज कर दिया। सुबह जब परिजनों ने दरवाजा खोला तो बिस्तर पर उदय का शव पड़ा हुआ मिला। उसकी कनपटी से खून का रिसाव हो रहा था। कान में ईयरफोन लगा था और बगल में मोबाइल रखा था। वहीं बेड के नीचे रिवाल्वर पड़ा था।
फिलहाल इस मामले को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। मृतक की बहन ने बताया कि रात में सब लोग सो रहे थे। जब सुबह उठे तो अपने भाई का लाश बिस्तर पर पड़ा पाया। मृतक के पिता होम्योपैथ डॉक्टर जीपी गुप्ता किडनी की बीमारी से ग्रसित है और डायलेसिस पर हैं। पिता की बीमारी को लेकर एक सप्ताह पहले ही वह तिलैया लौटा था।
परिजनों ने जब शव देखा तो उसके कान में इयर फोन लगा हुआ था। परिजनों के अनुसार उसके मोबाइल का लास्ट कॉल उसकी पत्नी के साथ बातचीत का है। यह करीब रात्रि 10:30 बजे की है। घरवालों के अनुसार रात्रि में कमरे में कुछ पटाखे जैसी आवाज हुई थी, जिसे लोग बाहर का शोरगुल समझकर नजरअंदाज कर गए। फिलहाल इस घटना के पीछे मृतक का अपने पत्नी के साथ विवाद की बात सामने आ रही है। मृतक की दो छोटी-छोटी बच्ची है, जिसमे एक पिता के साथ तो दूसरी बच्ची अपनी माँ के साथ रहती है। मृतक की पत्नी फिलहाल अपने मायके में है।