Jharkhand Assembly Election 2019: झारखंड चुनाव की तारीखों के एलान से नतीजे तक, एक क्लिक में जानें पूरी प्रक्रिया
Jharkhand Assembly Election 2019. चुनाव के तारीखों की घोषणा आज शुक्रवार शाम को की जाएगी। इसके साथ ही राज्य में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ जाएंगी।
रांची, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 - झारखंड विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा आज शुक्रवार शाम को की जाएगी। इसके साथ ही राज्य में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ जाएंगी। राज्य की सत्ताधारी दल भाजपा के साथ ही विपक्ष में महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर रस्साकशी तेज हो जाएगी। विधानसभा चुनावों की तारीखों का एलान होते ही झारखंड में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी। यह चुनाव के परिणाम आने तक लागू रहेगी। आदर्श आचार संहिता लागू हो जाने के बाद सभी राजनीतिक दलों को इसका पालन करना होगा। चुनाव की घोषणा करने के साथ ही अधिसूचना जारी हो जाती है। इसके सातवें दिन से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
नामांकन के बाद नाम वापसी के लिए दो दिन
नामांकन भरने की प्रक्रिया पूरी होने के अंतिम दिन के बाद अगले दिन चुनाव अधिकारी उम्मीदवारों के फॉर्म की छंटनी करता है। छंटनी करने के बाद उम्मीदवारों को दो दिन का समय नाम वापसी के लिए दिया जाता है। इस दौरान प्रत्याशी स्वेच्छा से चुनाव से अपना नाम वापस लेने के लिए आवदेन देते हैं। पिछली बार विधानसभा का चुनाव पांच चरणों में संपन्न किया गया था।