बंधक बनी विवाहिता को पुलिस ने कराया मुक्त, आरोपित गिरफ्तार Ranchi News
Jharkhand. गुमला से अगवा कर बंधक बनी एक विवाहिता को पुलिस ने रांची में मुक्त करा लिया है। साथ ही आरोपित मोहम्मद राशिद नाम के युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
रांची, जागरण संवाददाता। गुमला से अगवा कर बंधक बनी एक विवाहिता को पुलिस के सहयोग से रांची से बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही अपहरण के आरोपित मोहम्मद राशिद नाम के युवक को गिरफ्तार कर लिया है। राशिद छत्तीसगढ़ के जसपुर जिले के लोदाम का रहने वाला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वह आपराधिक छवि का युवक है। उसने विवाहिता को एक कमरे में कैद कर रखा था।
पुलिस के अनुसार गुमला के रहने वाले परवेज आलम ने रांची के डेली मार्केट थाने में आकर गुहार लगाई कि उसकी पत्नी नजमा खातून को राशिद नाम के युवक ने अगवा कर एक होटल में बंधक बनाकर रखा है। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने मंगलवार को होटल में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक-एक कमरे को खंगालना पड़ा। इस दौरान होटल के एक कमरे से राशिद पकड़ा गया।
साथ ही परवेज की पत्नी बरामद कर ली गई। परवेज आलम के अनुसार मौका मिलते ही उसकी पत्नी ने उसे फोन किया और बताया कि वह रांची के एक होटल में कैद है। वह घर आना चाहती है, लेकिन राशिद उसे जान से मारने की धमकी देता है। वह उसे आकर बचा ले।
एक वर्ष पहले हुई थी शादी
परवेज के अनुसार उसकी शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी। परवेज गुमला के रजा कॉलोनी का रहने वाला है। बीते 30 मार्च 2019 को छत्तीसगढ़ का युवक गुमला पहुंचा और जबरन पत्नी को अगवा कर रांची ले आया। रांची के कोतवाली थाना प्रभारी श्यामानंद मंडल ने बताया कि विवाहिता के अपहरण से संबंधित एफआइआर गुमला थाने में दर्ज है। विवाहिता ने मुक्त होने के बाद यह बयान दिया है कि राशिद ने उसे जबरदस्ती होटल में बंधक बनाकर रखा था। राशिद को गिरफ्तार कर लिया गया है, उसे गुमला पुलिस के हवाले किया जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप