विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची-चाईबासा रोड पर हादसा: हिरनी फॉल से लौट रही थार पुलिया से नीचे गिरी, 1 की मौत; 3 घायल

Published: Mon, 18 May 2026 12:46 AM (IST)

खूंटी के मुरहू थाना क्षेत्र में रांची-चाईबासा मुख्य सड़क पर एक थार पुलिया से नीचे गिर गई, जिसमें एक युवक ...और पढ़ें

थार गाड़ी सड़क हादसे का शिकार। फोटो जागरण

थार गाड़ी सड़क हादसे का शिकार। फोटो जागरण

HighLights

  1. खूंटी में थार दुर्घटनाग्रस्त, एक युवक की मौत

  2. हिरनी फॉल से लौटते समय हुआ भीषण हादसा

  3. तीन घायल रिम्स रेफर, एक की हालत गंभीर

जागरण संवाददाता, खूंटी। मुरहू थाना क्षेत्र में रविवार को सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रांची-चाईबासा मुख्य सड़क पर बिंदा और सांडीगांव के बीच उस समय हुआ, जब हिरनी फॉल घूमकर लौट रहा परिवार दुर्घटना का शिकार हो गया।

जानकारी अनुसार, रांची के डोरंडा स्थित गौरीशंकर नगर निवासी उज्जवल साहू अपने परिवार के सदस्यों के साथ हिरनी फॉल घूमने गए थे। लौटने के दौरान वे स्वयं थार वाहन चला रहे थे। बिंदा गांव के समीप पुलिया के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरा।

हादसे में उज्जवल साहू की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में उनकी बहन काजल गुप्ता, भाई सागर कुमार गुप्ता और बहनोई दीपू गुप्ता घायल हो गए। घायलों में दीपू गुप्ता की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया।

काफी मशक्कत के बाद भाई और बहन को निकाला गया

दुर्घटना के बाद दो लोग काफी देर तक वाहन के अंदर फंसे रहे। सूचना मिलने पर मुरहू थाना पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। सभी को एंबुलेंस से सदर अस्पताल ले जाया गया।