खूंटी में नाबालिग लड़कियों से सामूहिक दुष्कर्म के तीन आरोपित गिरफ्तार, एक पीड़िता को फार्म हाउस से मुक्त कराया
खूंटी में तीन नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार ...और पढ़ें

दो सगी बहनों समेत तीन लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले गए थे आरोपित।
HighLights
खूंटी में तीन नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म का मामला सामने आया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर तीन आरोपितों को किया गिरफ्तार।
एक पीड़िता को अर्धनिर्मित फार्म हाउस से सकुशल मुक्त कराया।
संवाद सूत्र, खूंटी। खूंटी में तीन नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एक लड़की को फार्म हाउस में बंधक बनाया गया था, जिसे मुक्त करा लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों में गोपाल मुंडा उर्फ राहुल उर्फ चुड़ू (19 वर्ष) और मनसा टूटी उर्फ टाना (18 वर्ष), दोनों ग्राम गाड़ीगांव बाड़ेडीह, थाना मारंगहादा निवासी, तथा मनीष लोहरा (18 वर्ष), ग्राम तोडंगकेल, थाना खूंटी निवासी शामिल हैं। घटना में शामिल दो अन्य आरोपित अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
यह जानकारी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपित की एक पीड़िता से पहले से जान-पहचान थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपितों ने सोमवार को दो सगी बहनों समेत तीन नाबालिग लड़कियों को घूमने के बहाने बहला-फुसलाकर मारंगहादा थाना क्षेत्र ले गए थे।
वहां देर शाम दो पीड़िताओं को घर पहुंचाने का झांसा देकर चार आरोपित अलग-अलग स्थानों पर ले गए और उनके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपित मंगलवार की अहले सुबह दोनों पीड़िताओं को खूंटी लाकर छोड़ गए।
इसके बाद दोनों पीड़िताएं महिला थाना पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पीड़िताओं ने पुलिस को बताया कि उनके साथ गई एक अन्य नाबालिग लड़की को आरोपितों ने मारंगहादा थाना क्षेत्र के ग्राम गाड़ीगांव बाड़ेडीह स्थित एक अर्धनिर्मित फार्म हाउस में बंधक बनाकर रखा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
मारंगहादा थाना पुलिस के सहयोग से बताए गए स्थान पर छापेमारी कर बंधक बनाई गई नाबालिग लड़की को सकुशल मुक्त कराया गया। साथ ही मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में महिला थाना, खूंटी में पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या 18/26 दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी, दो केटीएम मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और घटना के समय आरोपितों द्वारा पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त किए हैं। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
छापेमारी दल में ये थे शामिल
छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रभात कुमार बेक, महिला थाना प्रभारी निशा कुमारी, मारंगहादा थाना प्रभारी जुगेश कुमार, खूंटी थाना के एसआई कुंदन कुमार, महिला थाना के एएसआई मिलन मिंज सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।