Khunti Corona News: खूंटी में पहली बार मिला 01 कोरोना मरीज, 23वें जिले में पहुंची महामारी; जानें ताजा हाल
झारखंड में सोमवार को अबतक कुल 25 कोरोना मरीजों की पहचान हो चुकी है। इनमें 10 रांची 5 लातेहार सिमडेगा में 3 2 गढ़वा तथा पलामू खूंटी गुमला और जमशेदपुर में एक नए मामले मिले हैं।
रांची, जेएनएन। Khunti Corona News झारखंड के खूंटी में भी जानलेवा महामारी कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी है। अब राज्य का 23वां जिला भी संक्रमण की चपेट में आ गया है। खूंटी में पहली बार कोरोना मरीज मिलने की पुष्टि स्वास्थ्य महकमे ने की है। झारखंड में सोमवार को अबतक कुल 27 कोरोना मरीजों की पहचान हो चुकी है। इनमें 10 रांची, 5 लातेहार, सिमडेगा में 3, 2 गढ़वा, बोकारो में 2 तथा पलामू, खूंटी, गुमला और जमशेदपुर में एक नए मामले मिले हैं।
झारखंड में अब कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 400 के पार हो गया है। सोमवार को अबतक कुल 404 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इधर बोकारो में कोरोना संक्रमण खत्म होते-होते फिर से जोर पकड़ रहा है। पहले 5 मरीज और अब आज फिर से 2 कोरोना पॉजिटिव की पहचान हुई है। खूंटी में पहली बार एक कोरोना मरीज में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद प्रशासन सकते में है। सुरक्षा के तमाम एहतियात बरते जा रहे हैं।
झारखंड में सोमवार को दिनभर में मिले 27 कोरोना पॉजिटिव
- रांची : 10
- लातेहार : 05
- सिमडेगा : 02
- बोकारो : 02
- गढ़वा : 02
- गुमला : 01
- पलामू : 01
- खूंटी : 01
- रामगढ़ : 01
- जमशेदपुर : 01
खूंटी में भी कोरोना ने दी दस्तक
अब तक कोरोना संक्रमण से अछूते रहे खूंटी जिले में भी आखिरकार कोरोना ने दस्तक दे ही दी। लगभग दो माह तक संयम व अनुशासन में रहकर कोरोना काे फटकने न देने की सभी कवायद अंतत: विफल हो गयी। जिले में कोरोना का वाहक एक प्रवासी बना है। उपायुक्त सूरज कुमार ने बताया कि कर्रा प्रखंड के लारता गांव का निवासी 25 वर्षीय युवक गत 17 मई को बस द्वारा मुंबई से वापस खूंटी आया था। बिरसा कॉलेज स्टेडियम में स्वास्थ्य जांच के बाद उसे कर्रा प्रखंड के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में बने सरकारी क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था।
चूंकि वह रेड जोन मुंबई से आया था इसलिए उसका स्वाब सैंपल जांच के लिए इटकी भेज दिया गया था। सोमवार की रात उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर प्रशासनिक अधिकारियों व स्वास्थ्य विभाग मेंं हलचल मच गई। उपायुक्त के नेतृत्व में जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और सरकारी क्वारंटाइन सेंटर से उसे हटाकर एरेंडा में बने कोविड 19 सेंटर में आइसोलेट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी।