Jharkhand Election 2019: झाविमो ने प्रत्याशियों के चयन को गठित की समिति, 10 तक योग्य उम्मीदवारों की सूची तलब
Jharkhand Assembly Election 2019. समिति की बैठक में प्रत्याशी चयन के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। इधर कहा जा रहा है कि पार्टी सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) ने प्रत्याशियों के चयन के लिए समिति गठित की है। चार नवंबर यानि सोमवार को समिति के जिला प्रभारियों की बैठक बुलाई है। इसमें प्रत्याशी चयन के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। योग्य उम्मीदवारों की सूची 10 नवंबर तक तलब की गई है। इधर, कहा जा रहा है कि पार्टी सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
इससे पूर्व चुनाव के तारीखों की घोषणा के बाद झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा था कि वे महागठबंधन के खिलाफ कभी नहीं रहे है। चुनाव की घोषणा के बाद अब सब कुछ जल्द स्पष्ट हो जाना चाहिए। पार्टी सही समय पर अपने निर्णयों की जानकारी सार्वजनिक करेगी। यह पूछने पर की क्या झाविमो सभी 81 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन में शामिल सभी पार्टियां जब एक-दूसरे का साथ देने की बात करती है तो निश्चित तौर पर उनकी तैयारी सभी 81 सीटों पर ही होती है। हमारी पार्टी झारखंड की जनता के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ेगी।
पांच चरण के चुनाव पर बाबूलाल मरांडी को आपत्ति
झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने पांच चरण में होने वाले झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने रघुवर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे सरकार की कमजोरी उजागर हो गई। सत्ता में बैठे लोग डींगें हांक रहे थे। लेकिन, जैसे-जैसे चुनाव की सरगर्मी तेज हुई, सरकार के हाथ-पांव फूलने लगे। इसके बाद ही राज्य में पांच चरणों में चुनाव का एलान किया गया। पांच साल में राज्य में कुछ काम हुआ होता, तो इस बार कम चरणों में मतदान होते।