विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस आज से महेश शरदचंद्र सोनक, बांबे हाई कोर्ट का लंबा अनुभव; जानें पूरा प्रोफाइल

Published: Thu, 08 Jan 2026 09:04 PM (IST)Updated: Fri, 09 Jan 2026 10:16 AM (IST)

जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने शुक्रवार को झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह रांची के लोक भवन में संपन्न हुआ। जस्टिस सोनक का बॉम्बे हाई कोर्ट में लंबा अनुभव रहा है। इससे पहले गुरुवार को निवर्तमान चीफ जस्टिस टी.एस. चौहान को विदाई दी गई थी।

झारखंड हाई कोर्ट के नए चीफ जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक का अभिवादन करते सीएम हेमंत सोरेन।

झारखंड हाई कोर्ट के नए चीफ जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक का अभिवादन करते सीएम हेमंत सोरेन।

HighLights

  1. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोक भवन के बिरसा मंडप में दिलाई शपथ

  2. जस्टिस एमएस सोनक इससे पहले मुंबई उच्च न्यायालय में न्यायाधीश थे

राज्य ब्यूरो, रांची। जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने ली झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोक भवन के बिरसा मंडप में दिलाई शपथ। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्पीकर रवींद्र नाथ महतो, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, उच्च न्यायालय के कई न्यायाधीश आदि उपस्थित रहे। 

इससे पूर्व राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने जस्टिस सोनक का झारखंड राज्य उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के पद पर नियुक्ति संबंधी वारंट को पढ़ा। वहीं राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने मुख्य न्यायाधीश को शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया।

इसके बाद उन्हें राज्यपाल ने शपथ दिलाई। उनके शपथ ग्रहण के मौके पर राज्य सरकार के मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भारतीय प्रशासनिक व पुलिस सेवा के वरीय अधिकारी तथा झारखंड उच्च न्यायालय के पदाधिकारीगण भी उपस्थित थे।

जस्टिस सोनक गुरुवार को रांची पहुंचे थे। रांची पहुंचने पर एयरपोर्ट पर हाई कोर्ट के जजों, अधिवक्ता और रजिस्ट्री के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इससे पहले मुंबई उच्च न्यायालय में न्यायाधीश थे।

जस्टिस सोनक अक्तूबर 1988 में महाराष्ट्र एवं गोवा बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकित हुए। इसके बाद उन्होंने बांबे हाई कोर्ट की पणजी पीठ में सिविल व संवैधानिक कानून, श्रम एवं सेवा कानून, पर्यावरण कानून, वाणिज्यिक एवं कर कानून, कंपनी कानून तथा जनहित याचिकाओं के क्षेत्र में व्यापक प्रैक्टिस की।

विधिक करियर के दौरान वे केंद्र सरकार के लिए अतिरिक्त स्थाई अधिवक्ता, राज्य सरकार के लिए विशेष अधिवक्ता व निगमों के लिए कानूनी सेवाएं प्रदान कर चुके हैं। उनकी विधिक दक्षता और अनुभव को देखते हुए 21 जून 2013 को उन्हें बांबे हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया।

जस्टिस सोनक का जन्म 28 नवंबर 1964 को हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गोवा के पणजी स्थित डान बॉस्को हाई स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने धेम्पे कालेज आफ आर्ट्स एंड साइंस से बीएससी की पढ़ाई की। एमएस कालेज आफ ला, पणजी से प्रथम श्रेणी में एलएलबी की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने जेवियर सेंटर आफ हिस्टोरिकल रिसर्च से पुर्तगाली भाषा में डिप्लोमा भी हासिल किया।

चीफ जस्टिस टीएस चौहान सेवानिवृत्त, विदाई

झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान गुरुवार को सेवानिवृत्त हो गए। हाई कोर्ट की फुलकोर्ट ने विदाई दी और जजों ने अपने संदेश में चीफ जस्टिस के कार्यों का उल्लेख किया और उनके कार्यों की सराहना की। हाई कोर्ट के रजिस्ट्री की ओर से भी चीफ जस्टिस को विदाई दी गई।

सभी जजों के साथ चीफ जस्टिस का ग्रुप फोटो भी हुआ। 23 जुलाई 2025 को उन्होंने झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के पद की शपथ ली थी। इसके पूर्व वह हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के वरीयतम जज थे।

प्रोफाइल: जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक

झारखंड हाई कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश 

  • जन्म: 28 नवंबर 1964
  • प्रारंभिक शिक्षा: डान बॉस्को हाई स्कूल, पणजी (गोवा)
  • उच्च शिक्षा: धेम्पे कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस (बीएससी) और एम.एस. कॉलेज ऑफ लॉ, पणजी (एलएलबी - प्रथम श्रेणी)
  • विशेष योग्यता: कानून की पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने जेवियर सेंटर ऑफ हिस्टोरिकल रिसर्च से पुर्तगाली भाषा में डिप्लोमा भी हासिल किया है।

विधिक सफर

  • वकालत की शुरुआत: अक्टूबर 1988 में महाराष्ट्र एवं गोवा बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकित हुए।
  • कार्य अनुभव: बांबे हाई कोर्ट की पणजी पीठ में संवैधानिक, श्रम, पर्यावरण और वाणिज्यिक कानून के क्षेत्र में व्यापक प्रैक्टिस की।
  • सरकारी भूमिकाएं: वे केंद्र सरकार के लिए अतिरिक्त स्थाई अधिवक्ता और राज्य सरकार के लिए विशेष अधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
  • न्यायिक करियर: 21 जून 2013 को बांबे हाई कोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किए गए थे।
  • वर्तमान पद: अब वे झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

शपथ ग्रहण समारोह 

समय: सुबह 9:30 बजे (8 जनवरी 2026)

स्थान: बिरसा मंडप, राजभवन (रांची)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।