झारखंड में नियुक्ति प्रक्रिया ठप: 31 अगस्त से कोई सूचना नहीं, 22 जुलाई के बाद नहीं निकली कोई बहाली
JSSC Scam: नियुक्ति परीक्षाओं में गड़बड़ियों के कारण झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की प्रक्रियाएं प्रभावित हुई हैं। 22 जुलाई के ...और पढ़ें

जेएसएससी से 22 जुलाई के बाद नहीं निकली है कोई बहाली।
HighLights
जेएसएससी से 22 जुलाई के बाद कोई नई बहाली नहीं।
आयोग ने 31 अगस्त के बाद कोई सूचना नहीं दी।
इंटरमीडिएट स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा रद्द की गई।
राज्य ब्यूरो, रांची। नियुक्ति परीक्षाओं में गड़बड़ी का असर न केवल झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं पर पड़ा है, बल्कि इसका असर झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं पर भी पड़ा है।
जेपीएससी की अधिसंख्य परीक्षाओं की जांच होने तथा यहां अध्यक्ष एवं सदस्य नहीं होने से नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह ठप है, लेकिन जेएसएससी में ऐसी स्थिति नहीं होने के बाद भी यहां नियुक्ति प्रक्रियाएं प्रभावित हुई हैं। स्थिति यह है कि जेएसएससी से 22 जुलाई के बाद कोई नई बहाली नहीं निकली है।
इस दिन पारा शिक्षकों के लिए आयोजित होनेवाली विशेष सहायक आचार्य नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा का विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। इसके बाद आयोग द्वारा कोई विज्ञापन प्रकाशित नहीं हुआ है। इतना ही नहीं, आयोग ने 31 अगस्त के बाद कोई नई सूचना भी नहीं प्रकाशित की है।
इंटरमीडिएट स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा रद किए जाने की अनुशंसा के बाद आयोग से कोई सूचना प्रकाशित नहीं हुई है। बताते चलें कि कार्मिक विभाग द्वारा अधियाचना वापस मंगा लिए जाने के कारण यह परीक्षा रद की गई है।
कार्मिक विभाग द्वारा इस परीक्षा के लिए दोबारा अधियाचना भेजी जानी है। आयोग ने इससे पहले 20 अगस्त को आरक्षी नियुक्ति परीक्षा के तहत शारीरिक जांच परीक्षा का कार्यक्रम घोषित किया था। शारीरिक जांच की प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है।
बताते चलें कि जेएसएससी द्वारा कुल 20,206 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया जा चुका है, जिसपर नियुक्ति प्रक्रिया जारी है। वहीं, 1,759 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया जाना है।
वहीं, जेपीएससी द्वारा कुल 798 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है, जबकि 847 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया जाना है।
यह भी पढ़ें- देवघर से CID की गिरफ्त में बिहार का युवक, प्रश्न-उत्तर रटवाता था; कोडरमा के युवकों से पूछताछ जारी
