देवघर से CID की गिरफ्त में बिहार का युवक, प्रश्न-उत्तर रटवाता था; कोडरमा के युवकों से पूछताछ जारी
JSSC-CGL पेपर लीक: सीआईडी ने जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक मामले में देवघर से सुधाकर यादव नामक संदिग्ध को रांची लाकर ...और पढ़ें

देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र से लाया गया है रांची, चल रही है पूछताछ।
राज्य ब्यूरो, रांची। जेएसएससी सीजीएल में कथित पेपर लीक, अनियमितता मामले की जांच कर रही सीआईडी ने अब देवघर से एक संदिग्ध सुधाकर यादव को उठाया है। उसे रांची लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। सुधाकर यादव मूल रूप से बिहार के बांका जिले के जयपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
सीआईडी ने उसे देवघर के रिखिया थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर बंधा इलाका स्थित एक घर से उठाया और उसे रांची लाया है। उसके पास से कुछ छात्रों के चेक व प्रमाण पत्र आदि मिलने की सूचना है। सीआईडी सभी दस्तावेज का सत्यापन करेगी और बैंक खाते आदि की जानकारी जुटाएगी। पूछताछ में सुधाकर यादव के विरुद्ध ठोस साक्ष्य मिलेंगे, उसके बाद ही उसकी गिरफ्तारी होगी।
सुधाकर यादव का नाम पूर्व में पूछताछ में आए अभ्यर्थियों ने ही सीआईडी के सामने लिया है। अभ्यर्थियों ने बताया है कि सुधाकर यादव ने कई अभ्यर्थियों को जेएसएससी सीजीएल में सहयोग किया है। पेपर लीक, प्रश्न व उत्तर रटवाने में उसकी भूमिका है। इसके बाद ही सीआइडी उस तक पहुंची है। सूत्रों के अनुसार सीआईडी उसके पास से कई छात्रों का चेक, प्रमाण पत्र आदि बरामद की है।
वह रांची सचिवालय में 2018 से लिपिक के पद पर कार्यरत था। उसने छापेमारी टीम को बताया कि उसका ट्रांसफर दुमका हो गया है जिस कारण वह यहां रह रहा था। लेकिन आशंका है कि उसे इस बात की भनक लग गयी थी कि उसे सीआईडी की टीम पकड़ सकती है और इसी कारण वह यहां छुपकर रह रहा था।
इसकी भनक पुलिस को लग गयी और उसे पकड़ लिया गया। सूचना यह भी मिली है कि उसने प्रारंभिक पूछताछ में अपनी भूमिका की जानकारी दी है। उसने बताया है कि करीब दो दर्जन छात्रों के नौकरी के लिए उसने सेटिंग की थी। उसने हजारीबाग में भी कई छात्रों को प्रश्न व उत्तर रटवाने की जानकारी दी है।
कोडरमा के दोनों युवकों से दिनभर चली पूछताछ, आज फिर बुलाए गए
कोडरमा के डोमचांच के दोनों संदिग्ध युवकों राजेश प्रसाद यादव व संदीप कुमार से सीआइडी ने रविवार को भी दिनभर पूछताछ की। दोनों युवकों पर अभ्यर्थियों को मदद पहुंचाने का संदेह है। सीआइडी ने उन्हें सोमवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया है।
संदिग्ध राजेश प्रसाद यादव व संदीप कुमार के बारे में भी पूर्व में पूछताछ के लिए बुलाए गए अभ्यर्थियों ने ही जानकारी दी थी और बताया था कि ये दोनों भी कथित पेपर लीक मामले में संदिग्ध हैं और कई अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने में मदद की है। सीआईडी उनके वाट्सएप चैट, बैंक डिटेल्स सहित अभ्यर्थियों से उनकी साठगांठ से जुड़े तथ्यों को खंगाल रही है।
