विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी, 1265 अभ्यर्थी सफल; 4991 थे कुल पद

Published: Tue, 03 Nov 2026 07:50 PM (IST)

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा का भाषा विषय का दूसरी बार संशोधित परिणाम जारी किया है। ...और पढ़ें

पहले चरण में कक्षा छह से आठ के लिए भाषा विषय का जारी हुआ संशोधित परिणाम।

पहले चरण में कक्षा छह से आठ के लिए भाषा विषय का जारी हुआ संशोधित परिणाम।

HighLights

  1. झारखंड सहायक आचार्य परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी।

  2. भाषा विषय में 1,265 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए।

  3. सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर तीसरी बार परिणाम।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का दूसरी बार संशोधित परिणाम जारी करना शुरू कर दिया है। आयोग ने मंगलवार को इस परीक्षा के तहत स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा छह से आठ) नियुक्ति के लिए भाषा विषय का दूसरी बार संशोधित परिणाम जारी किया।

तीसरी बार जारी परिणा में कुल 1,265 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। आयोग ने इसी के साथ पूर्व में इस विषय में जारी सभी चरणों के परिणाम को रद कर दिया है। इससे पहले दो बार इस परीक्षा का परिणाम जारी हो चुका है। पहली बार संशोधित परिणाम से सहायक आचार्यों की नियुक्ति हो चुकी है।

आयोग ने दूसरी बार संशोधित परिणाम सर्वोच्च न्यायालय द्वारा इसी वर्ष 17 सितंबर को पारित आदेश के तहत जारी किया है। सर्वोच्च न्यायालय ने 19 जनवरी 2025 के अपने आदेश के अनुसार चार सप्ताह के भीतर संशोधित परिणाम जारी करने का आदेश दिया था।

इस मामले में बुधवार को सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई होनी है। इससे पहले आयोग ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश पर सर्वोच्च न्यायालय की त्रि-सदस्यीय पीठ द्वारा सिविल अपील एनसीटी दिल्ली सरकार और अन्य बनाम प्रदीप कुमार एवं अन्य वाद में 24 अक्टूबर 2019 को पारित न्यायादेश के तहत अलग-अलग तिथि को संशोधित परिणाम जारी किया था।

सर्वोच्च न्यायालय ने इस वर्ष 17 सितंबर को पारित आदेश में कहा कि आयोग ने विभाग के निर्देश पर सही परिणाम जारी नहीं किया है। सबसे पहले जारी परिणाम में दोहरे आरक्षण का लाभ दे दिया गया था।

बताते चलें कि यह परीक्षा कुल 26,001 पदों के लिए हुई थी, जिनमें लगभग 13 हजार पदों पर नियुक्ति हो चुकी है। भाषा विषय की बात करें तो कुल 4,991 पदों के विरुद्ध 1,265 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। सबसे पहली बार 1,059 तथा पहली बार संशोधित परिणाम में चार चरणों में लगभग एक हजार अभ्यर्थियों का चयन हुआ था।

संशोधित परिणाम पर असर

- मेधा सूची में बदलाव।
- कुछ अभ्यर्थी चयन से बाहर हो सकते हैं, जबकि अतिरिक्त अभ्यर्थियों की नियुक्ति हो सकती है।
- पूर्व में नियुक्त कुछ सहायक आचार्य के जिला में बदलाव हो सकता है।

अब इन श्रेणी में जारी होगा परिणाम

- इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा एक से पांच के लिए)
- स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा छह से आठ के लिए) : विषय- गणित एवं विज्ञान, सामाजिक विज्ञान

रांची के लिए सबसे अधिक अभ्यर्थी चयनित

क्रम संख्या जिला चयनित अभ्यर्थियों की संख्या
1 रांची 155
2 पलामू 130
3 गिरिडीह 103
4 हजारीबाग 66
5 गढ़वा 65
6 बोकारो 64
7 देवघर 64
8 चतरा 62
9 गोड्डा 59
10 धनबाद 58
11 सरायकेला-खरसावां 56
12 पूर्वी सिंहभूम 55
13 गुमला 50
14 खूंटी 43
15 दुमका 40
16 जामताड़ा 36
17 पश्चिमी सिंहभूम 35
18 पाकुड़ 28
19 लोहरदगा 27
20 रामगढ़ 23
21 लातेहार 23
22 सिमडेगा 23

हाई कोर्ट में भी लंबित हैं मामले

सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा से संबंधित मामले झारखंड हाई कोर्ट में भी चल रहे हैं। आयोग ने कहा है कि बहादुर महतो एवं अन्य बनाम स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड एवं अन्य, डमरूधर साहु एवं अन्य बनाम झारखंड राज्य एवं अन्य तथा गिरिधर कुमार राउत एवं अन्य बनाम झारखंड राज्य एवं अन्य में झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा पारित अंतिम आदेश से परिणाम में संशोधन संभावित है।

वहीं, एक अन्य याचिका बिप्लव दत्ता एवं अन्य बनाम राज्य सरकार एवं अन्य मामले में पारित आदेश के आलोक में कतिपय अभ्यर्थियों का परिणाम लंबित रखा गया है। संबंधित मामले में दायर अपील याचिका के फलाफल से भी परिणाम में संशोधन हो सकता है। साथ ही संशोधन के क्रम में सफल अभ्यर्थियों के आवंटित जिला/कोटि में परिवर्तन हो सकता है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।