JSSC-CGL पेपर लीक: प्रश्न-उत्तर रटवाने के बाद जला दिए जाते थे सबूत, जेएसएससी सीजीएल मामले में सीआइडी की चार्जशीट से बड़े खुलासे
सीआईडी ने जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक मामले में पूरक चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

HighLights
गिरफ्तार अजय कुमार खुद सफल अभ्यर्थी था, फिर भी बिचौलिया बना।
अभ्यर्थियों को प्रश्न-उत्तर रटवाकर बाद में सामग्री जला दी जाती थी।
जांच के तार पटना, बोकारो, बंगाल और नेपाल तक फैले हैं।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) 2023 परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले की जांच में सीआइडी के हाथ कई अहम जानकारियां लगी हैं।
इस प्रकरण में गिरफ्तार कोडरमा निवासी अजय कुमार कोई बाहरी दलाल नहीं, बल्कि खुद इसी परीक्षा का सफल अभ्यर्थी था और राज्य सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग में कनीय सचिवालय सहायक के पद पर नियुक्त हो चुका था।
जांच एजेंसी के अनुसार, एक ओर वह सरकारी सेवा में कार्यरत था, तो दूसरी ओर अनुचित साधनों से चयन कराने वाले संगठित गिरोह में सक्रिय बिचौलिए की भूमिका निभा रहा था।
सीआइडी की तफ्तीश और हाल ही में दाखिल पूरक चार्जशीट में एजेंसी ने बताया है कि अजय कुमार ने स्वयं अभ्यर्थी रहते हुए भी पूरे नेटवर्क का ताना-बाना बुना था।
आरोप है कि उसने पटना के भिखना पहाड़ी स्थित कृष्णा डिफेंस एकेडमी के संचालक राकेश रंजन से संपर्क किया और अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले प्रश्न-उत्तर उपलब्ध कराने का प्रलोभन दिया।
योजना के तहत अभ्यर्थियों को पहले पटना के बुद्ध स्मृति पार्क के पास बुलाया गया और वहां से एक गुप्त मकान में ले जाया गया। वहां अभ्यर्थियों को प्रश्न-उत्तर के कई सेट देकर घंटों तक याद कराया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से रटवाने के बाद प्रश्न-उत्तर की सामग्री को जला दिया जाता था और फिर अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों के लिए भेजा जाता था।
सीआइडी जांच के मुताबिक, अजय कुमार ने गिरिडीह निवासी संजय कुमार और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अभ्यर्थियों को गिरोह से जोड़ा। उसने राम कृष्ण कुमार सिंह समेत कई अभ्यर्थियों के पटना आने-जाने और ठहरने का इंतजाम कराया था।
केस डायरी में सफल अभ्यर्थी अमित कुमार सहित अन्य लोगों से बड़ी रकम लेने तथा बिचौलियों के माध्यम से राकेश रंजन तक नकद राशि पहुंचाने का जिक्र है।
जांच में पटना, बोकारो, बंगाल और नेपाल के बीरगंज तक सेटिंग के तार जुड़े होने की बात भी सामने आई है। दूसरी तरफ, बचाव पक्ष ने सीआइडी के इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
बचाव पक्ष का कहना है कि अमित से लिए गए 10 हजार रुपये झारखंड हाईकोर्ट में लंबित जनहित याचिका के कानूनी खर्च के लिए थे।
जबकि संजय कुमार को दिए गए 89 हजार रुपये उसकी मां के उपचार के लिए मित्रवत कर्ज के रूप में दिए गए थे। पुलिस और जांच एजेंसी मामले के अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।