विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JSSC CGL Paper Leak: सीआईडी ने 10 आरोपितों के खिलाफ दाखिल की पूरक चार्जशीट, सूची में 8 सफल अभ्यर्थियों के नाम

Published: Sat, 14 Nov 2026 06:44 PM (IST)

सीआईडी ने जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक मामले में 10 और आरोपितों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल किया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. सीआईडी ने जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक में पूरक आरोप पत्र दाखिल किया।

  2. दस आरोपितों में आठ सफल अभ्यर्थी और दो एजेंसी कर्मी शामिल हैं।

  3. मुख्य आरोपित अभय तिवारी सहित अन्य पर पेपर लीक का आरोप।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले में जांच कर रही सीआईडी ने शनिवार को रांची स्थित सीआईडी की विशेष अदालत में दस आरोपितों के विरुद्ध पूरक आरोप पत्र दाखिल किया है।

इन आरोपितों में आठ सफल अभ्यर्थी व दो परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी के कर्मचारी हैं। चार्जशीटेड आठ सफल अभ्यर्थियों में परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड का मार्केटिंग मैनेजर सह जेएसएससी सीजीएल में सफल अभ्यर्थी मास्टरमाइंड अभय कुमार तिवारी, उसकी पत्नी सुषमा कुमारी उर्फ सुषमा तिवारी, भाई अक्षय तिवारी, विजय कुमार तिवारी, दीपक कुमार, आनंद कुमार सिंह, समीर कुमार व उमेश कुमार राय शामिल हैं।

वहीं, जेएसएससी सीजीएल परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी मेसर्स आइसीएन टेक्नोलोजी के दो कर्मी सोमांश प्रकाश व राहुल कुमार शामिल हैं।

सीआईडी ने एक जनवरी 2025 को सीआईडी थाना कांड संख्या 01/25 में जांच के क्रम में यह पूरक चार्जशीट दाखिल की है। आरोप है कि सभी सफल आठों अभ्यर्थियों ने सेटिंग से अनुचित लाभ लिया, पेपर लीक कराया, प्रश्न व उत्तर रटे और परीक्षा पास की। पेपर लीक में आइसीएन के दोनों कर्मियों सोमांश प्रकाश व राहुल ने भूमिका निभाई।

आईसीएन के संचालक मिथिलेश सिंह के निर्देश पर सोमांश प्रकाश व राहुल ने पेपर लीक की थी, वाट्सएप पर प्रश्न व उत्तर भेजे गए और उसे विभिन्न गुप्त ठिकानों पर अभ्यर्थियों को रटवाया गया था। सोमांश व राहुल की गिरफ्तारी दिल्ली से हुई थी।

सीआईडी ने पूर्व में 16 आरोपितों के विरुद्ध चार्जशीट की थी। नए सिरे से जांच के क्रम में सीआईडी ने 19 अगस्त को अभय तिवारी, उसकी पत्नी व उसके भाई की गिरफ्तारी की थी।

गिरफ्तारी के 90 दिनों के भीतर आरोप पत्र दाखिल करने की बाध्यता के तहत सीआईडी ने यह पूरक आरोप पत्र दाखिल की है। सीआईडी चार्जशीट में इन सभी आरोपितों के विरुद्ध जब्त दस्तावेज, इलेक्ट्रानिक साक्ष्य, बैंकिंग लेन-देन, काल डिटेल्स रिकार्ड (सीडीआर) को भी संलग्न की है।

कौन कहां का है निवासी?

  • अभय कुमार तिवारी, उसकी पत्नी सुषमा कुमारी उर्फ सुषमा तिवारी व भाई अक्षय तिवारी : ग्राम कुदारखोसो, बड़ाचरपा, थाना मारगोमुंडा, जिला देवघर।
  • विजय कुमार तिवारी : ग्राम धारकिरो, पोस्ट रोआम, थाना राजगंज, जिला धनबाद।
  • दीपक कुमार : डुप्लेक्स ए-सनशिवाय अपार्टमेंट नावाडीह, थाना धनबाद टाउन, जिला धनबाद।
  • आनंद कुमार सिंह : ग्राम व पोस्ट चतरा, थाना कोपा, जिला सारण, बिहार।
  • समीर कुमार : ग्राम व थाना बेंगाबाद, जिला गिरिडीह।
  • उमेश कुमार राय : क्वाटर नं०- एम-25/3, न्यू बीसीसीएल कालोनी, पोस्ट दुग्धा, थाना दुग्धा, जिला बोकारो।
  • सोमांश प्रकाश : स्कामनीनगर नियर मोडर्न आइटीआइ, एस कालेज रोड, थाना विक्रमगंज, थाना विक्रमगंज, जिला रोहतास, बिहार।
  • राहुल कुमार : ग्राम, पोस्ट चांदसराय, थाना महुआ, जिला वैशाली।

यह भी पढ़ें- नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में घिरे कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा, रांची में POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।