विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JPSC मेधा घोटाला: अनुचित तरीके से परीक्षा पास करने वाला सुमन सौरभ गिरफ्तार, कई अभ्यर्थी CID के शिकंजे में

Published: Thu, 30 Jul 2026 11:40 PM (IST)Updated: Fri, 31 Jul 2026 10:47 AM (IST)

सीआईडी ने 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में अनुचित तरीके से सफल हुए अभ्यर्थी सुमन सौरभ को गिरफ्तार कर लिया है, ...और पढ़ें

ओएमआर शीट की कार्बन कापी भी आरोपित के पास नहीं मिली, स्वीकार किया अपराध।

ओएमआर शीट की कार्बन कापी भी आरोपित के पास नहीं मिली, स्वीकार किया अपराध।

HighLights

  1. सीआईडी ने जेपीएससी अभ्यर्थी सुमन सौरभ को किया गिरफ्तार।

  2. सुमन सौरभ ने अनुचित तरीके से परीक्षा उत्तीर्ण करने का अपराध स्वीकारा।

  3. पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष एल. खियांग्ते से भी सीआईडी कर रही पूछताछ।

राज्य ब्यूरो, रांची। जेपीएससी की विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में कथित अनियमितता मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही सीआईडी ने 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में चयनित एक अभ्यर्थी सुमन सौरभ को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है।

सीआईडी के अनुसार, उसने अनुचित तरीके से परीक्षा उत्तीर्ण की थी। सीआईडी ने उसे हजारीबाग पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया और गुरुवार को ही उसे न्यायिक हिरासत में रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में भेज दिया है।

उसके पास से ओएमआर शीट की कार्बन कापी भी नहीं मिली है। उसने अपना अपराध भी स्वीकार कर लिया है। सीआईडी की छानबीन जारी है। इस पूरे प्रकरण में छानबीन कर रही सीआईडी की रिमांड पर वर्तमान में आठ आरोपित हैं।

इन आरोपितों में जेपीएससी की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता, परीक्षा संचालित कराने वाली एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के निदेशक रामवीर सिंह, मार्केटिंग मैनेजर मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय, दोनों तकनीकी प्रोग्रामर उस्मान व एबाद के अलावा टीडीपीएल के तीन आरोपित कर्मी हेमंत वर्मा, प्रदीप कुमार सिंह व संजय कुमार शामिल हैं।

रिमांड पर लगातार चल रही पूछताछ के दौरान आरोपितों ने जालसाजी व अनियमितता के पूरे नेटवर्क का खुलासा करना शुरू कर दिया है। आरोपितों से डेटा टेंपरिंग, ओएमआर शीट में हेराफेरी, अनियमितता के बिंदु पर सीआइडी को कई अहम जानकारियां दी है। रिमांड पर मिली जानकारियों के आधार पर सीआइडी आगे की कार्रवाई कर रही है।

पीटी में सफल सभी 2,204 अभ्यर्थियों को भेजना है ओएमआर शीट

सीआईडी की अपील पर गुरुवार को बड़ी संख्या में 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों ने अपनी ओएमआर शीट की कापी सीआईडी को भेजी है। सीआईडी ने 30 जुलाई से पांच अगस्त के बीच सभी सफल अभ्यर्थियों से ओएमआर शीट की कापी मांगी है।

इसने सफल अभ्यर्थियों से पेपर-1 व पेपर-2 की ओएमआर शीट की कार्बन कापी की पीडीएफ बनाकर या फोटो खींचकर सीआईडी को भेजने का अनुरोध किया था। गौरतलब है कि इस 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम दो जुलाई को घोषित हुआ था। इस परीक्षा में 103 पदों के लिए 2,204 अभ्यर्थी घोषित किए गए थे। सभी को अपना ओएमआर शीट भेजना है।

आज फिर जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से पूछताछ

जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एल. खियांग्ते शुक्रवार को भी सीआईडी कार्यालय जाएंगे। यह उनका तीसरा दिन होगा, जब सीआइडी कार्यालय में उनसे पूछताछ होगी। इससे पहले एल. खियांग्ते से 28 जुलाई को करीब साढ़े आठ घंटे व 29 जुलाई को करीब नौ घंटे तक सीआईडी ने लंबी पूछताछ की थी।

उन्हें 31 जुलाई (शुक्रवार) के लिए सीआईडी ने समन किया था। इससे पहले, दो दिनों की पूछताछ के दौरान सीआइडी ने उनसे 14वीं जेपीएससी परीक्षा के दौरान हुई गड़बड़ियों पर ही अधिसंख्य सवाल पूछे हैं।

परीक्षा संचालन में हुई गड़बड़ियों व परीक्षा संचालित कराने वाली एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के चयन में अनियमितता आदि के मामले में एल. खियांग्ते से सीआइडी विस्तृत जानकारी ले रही है। सीआइडी उनका पासपोर्ट जब्त कर उनके विदेश भ्रमण का डेटा भी खंगाल रही है। 

यह भी पढ़ें- दिल्ली की तर्ज पर झारखंड में विधानसभा घेराव की आशंका, छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर खुफिया अलर्ट

यह भी पढ़ें- JPSC Scam: सीआईडी के निशाने पर परीक्षा कराने वाली एजेंसी टीडीपीएल, आगे और गिरफ्तारियां

यह भी पढ़ें- झारखंड सरकार का भरोसा सीआईडी पर ही: जेपीएससी, रिम्स और अवैध वेतन निकासी समेत सभी बड़े मामले साैंपे