विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मानसून सत्र के पहले दिन झारखंड में विधानसभा घेराव की आशंका, छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर खुफिया अलर्ट

Published: Thu, 30 Jul 2026 06:40 PM (IST)

झारखंड लोक सेवा आयोग और कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्र आंदोलन कर रहे ...और पढ़ें

विशेष शाखा ने सभी जिलों के उपायुक्तों, सभी एसएसपी-एसपी को किया सतर्क।

विशेष शाखा ने सभी जिलों के उपायुक्तों, सभी एसएसपी-एसपी को किया सतर्क।

HighLights

  1. छात्र 6 अगस्त को विधानसभा घेराव की तैयारी में।

  2. JPSC, JSSC परीक्षाओं में अनियमितता के खिलाफ प्रदर्शन।

  3. विशेष शाखा ने सभी जिलों को सतर्क किया।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) व झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार को लेकर विभिन्न छात्र व राजनैतिक संगठन विरोध प्रदर्शन, आंदोलन कर रहे हैं।

झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन छह अगस्त को आंदोलन कर रहे राज्य के सैकड़ों छात्र झारखंड विधानसभा का घेराव कर सकते हैं। इसके लिए सभी जिलों को विशेष सावधानी व सतर्कता बरतते हुए आवश्यक प्रशासनिक सतर्कता, निगरानी व आवश्यक कार्रवाई करने की आवश्यकता है।

यह अलर्ट झारखंड सरकार की खुफिया एजेंसी विशेष शाखा ने 28 जुलाई को जारी किया है। विशेष शाखा ने सभी जिलों के उपायुक्तों के अलावा रांची, जमशेदपुर व धनबाद के एसएसपी, सभी जिला व रेल के एसपी को इसके लिए सतर्क किया है।

खुफिया एजेंसी को सूचना है कि आंदोलन कर रहे छात्र इस घेराव कार्यक्रम में पूरे राज्य से सड़क व रेल मार्ग से रांची आएंगे। विशेष शाखा ने अपने पत्र में बताया है कि आंदोलनरत छात्र उपरोक्त अनियमितता के अलावा समय पर छात्रवृत्ति नहीं देने, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं बरतने, शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ नहीं होने का विरोध कर रहे हैं।

इसके लिए अपनी मांगों को लेकर छात्रों ने 25 जुलाई से मोरहाबादी के बापू वाटिका में अनिश्चतकालीन सत्याग्रह किया है। ये छात्र झारखंड लोक सेवा आयोग एव झारखंड कर्मचारी चयन आयोग अभ्यर्थी न्याय मंच के बैनर तले जुटे हैं।

आंदोलन के क्रम में ही 29 जुलाई को छात्रों ने रांची में मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से अलबर्ट एक्का चौक तक पैदल मार्च किया था, संविधान की प्रस्तावना पढ़ी थी व राष्ट्र गान गाया था। 30 जुलाई को आजसू छात्र संघ के बैनर तले भारी संख्या में छात्र एकजुट होकर मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से लोक भवन तक पदयात्रा किया है।