विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JPSC Scam: ओएमआर शीट में हेरफेर के मिले पक्के सबूत, CID तैयार कर रही अंतिम चार्जशीट

Published: Sat, 10 Oct 2026 05:36 PM (IST)

झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में अनियमितता के मामले में सीआईडी जल्द ही गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करेगी।

झारखंड लोक सेवा आयोग। (फाइल फोटो)

झारखंड लोक सेवा आयोग। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. सीआईडी गिरफ्तार जेपीएससी आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करेगी।

  2. ओएमआर शीट हेराफेरी, अंक बदलाव के सबूत जुटाए गए।

  3. जेपीएससी अधिकारी सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में अनियमितता, ओएमआर शीट में हेराफेरी, पेपर लीक सहित विभिन्न मामलों की जांच कर रही सीआईडी जल्द ही गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध चार्जशीट करने वाली है।

आरोपितों के बयान व सीआईडी की छापेमारी के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध साक्ष्य से संबंधित दस्तावेज लगभग पूरे हो चुके हैं। सीआईडी पुख्ता सबूतों के आधार पर चार्जशीट करेगी ताकि संदिग्धों, आरोपितों को सजा दिलाया जा सके।

सीआईडी ने 21 जुलाई को जेपीएससी कार्यालय में छापेमारी की थी। अगले ही दिन बुधवार (22 जुलाई) को सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

इसमें भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के अलावा झारखंड प्रतियोगिता परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं निवारण के उपाय) अधिनियम 2023 की धाराएं भी लगाई गईं थीं।

22 जुलाई को ही सीआईडी ने इस मामले में जेपीएससी की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था।

अन्य चार आरोपितों में जेपीएससी की परीक्षाओं को संचालित कराने वाली एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) का मार्केटिंग मैनेजर मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय कुमार तिवारी, निदेशक रामवीर सिंह, एजेंसी के अन्य कर्मी उस्मान व एबाद शामिल थे। इन पांचों की गिरफ्तारी के 90 दिन 19 अक्टूबर को पूरे होंगे, इसके पहले चार्जशीट की बाध्यता है।

डिजिटल उपकरणों की हो चुकी है जांच

सीआईडी ने छापेमारी में जेपीएससी कार्यालय से डिजिटल उपकरण, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क व अन्य कागजी दस्तावेज को भी जब्त की थी। सभी दस्तावेज की जांच व उसकी समीक्षा भी हो चुकी है।

सीआईडी ने कुछ दस्तावेज की फोरेंसिक से जांच भी कराई है। सभी सबूतों को एकत्रित किया गया है। ओएमआर शीट में हेराफेरी, अंकों में हेरफेर कर अपने सेटिंग वाले अभ्यर्थियों को पास कराने संबंधित सबूत भी मिले हैं, जिसे सीआईडी कोर्ट के सामने चार्जशीट में प्रस्तुत करेगी।

यह भी पढ़ें- अब 17 नवंबर तक भरे जाएंगे जेट के लिए आवेदन, झारखंड लोक सेवा आयोग ने दूसरी बार बढ़ाई लास्ट डेट