JPSC PT Result: झारखंड लोक सेवा आयोग ने जारी किया सिविल सेवा पीटी परीक्षा का रिजल्ट, jpsc.gov.in पर करें चेक
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने सिविल सेवा पीटी परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। उम्मीदवार अपना रिजल्ट JPSC की आधिकारिक वेबसाइट jpsc.gov.in पर देख सकते हैं।

झारखंड लोक सेवा आयोग ने जारी किया सिविल सेवा पीटी परीक्षा का रिजल्ट
HighLights
JPSC सिविल सेवा पीटी परीक्षा का रिजल्ट जारी।
परिणाम JPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध।
उम्मीदवार jpsc.gov.in पर अपना रिजल्ट चेक करें।
राज्य ब्यूरो,रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का परिणाम जारी कर दिया है। इसमें कुल 2,204 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। यह परीक्षा 19 अप्रैल को आयोजित की गई थी।
झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम जारी करने पर लगी रोक हटाए जाने के बाद आयोग ने आदेश के आलोक में इसका परिणाम जारी किया।
मुख्य परीक्षा 18 से 20 जुलाई तक
आयोग ने यह भी कहा है कि परिणाम के संबंध में किसी भी त्रुटि/टंकण त्रुटि के संज्ञान में आने पर उसमें सुधार का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा। आयोग ने इसकी मुख्य परीक्षा की तिथि भी घोषित कर दी है। मुख्य परीक्षा 18 से 20 जुलाई तक आयोजित होगी।
प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों द्वारा मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई। इसकी अंतिम तिथि नौ जुलाई शाम पांच बजे तक निर्धारित है। आयोग ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश भी अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया है। तीनों दिन दो-दो पालियों में मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी।
18 जुलाई को पहली परीक्षा
पहले दिन 18 जुलाई को पहली पाली में प्रथम पत्र तथा द्वितीय पाली में द्वितीय पत्र की परीक्षा होगी। इसी तरह, 19 जुलाई को पहली पाली में तृतीय पत्र तथा दूसरी पाली में चौथे पत्र की परीक्षा होगी। अंतिम दिन 20 जुलाई को पहली पाली में पंचम पत्र तथा दूसरी पाली में षष्ठम पत्र की परीक्षा होगी।
आयोग के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की डाउनलोड प्रति एवं ऑनलाइन आवेदन में की गई प्रविष्टि के अनुरूप वांछित प्रमाण पत्रों की स्पष्ट एवं पठनीय स्वअभिप्रमाणित छायाप्रति आयोग कार्यालय में 14 जुलाई को शाम पांच बजे तक अनिवार्य रूप से “परीक्षा नियंत्रक, झारखण्ड लोक सेवा आयोग, सर्कुलर रोड, रांची, 834001” के पते पर स्पीड पोस्ट/निबंधित डाक/हाथों-हाथ जमा करना होगा।