विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'शायद ज्यादा दिन जिंदा न रह पाऊं...', रांची में भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता ने सरकार पर लगाया अनदेखी का आरोप

Published: Sun, 16 Aug 2026 07:28 PM (IST)

रांची में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन 23वें दिन भी जारी है, जिसमें छात्र नेता ...और पढ़ें

तस्वीर- ANI से ली गई।

तस्वीर- ANI से ली गई।

HighLights

  1. JPSC-JSSC आंदोलन का 23वां दिन, प्रेम नायक की हालत गंभीर।

  2. छात्र CBI जांच और भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे।

जागरण संवाददाता, रांची। JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ रांची में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलन के 23वें दिन छात्र नेता प्रेम नायक ने सरकार पर छात्रों की मांगों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों की बिगड़ती स्थिति को लेकर कहा कि उनकी हालात बेहद गंभीर हैं।

प्रेम नायक ने कहा, “आज विरोध प्रदर्शन का 23वां दिन और भूख हड़ताल का 13वां दिन है। सरकार बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। मुझे नहीं लगता कि मैं ज्यादा दिन जीवित रह पाऊंगा। स्थिति गंभीर है। कल से बुखार शुरू हो गया है।”

उन्होंने बताया कि उन्हें इलाज के लिए ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। प्रेम नायक ने आरोप लगाया कि आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को भी ले जाया गया है और उन्हें वापस नहीं आने दिया जा रहा है।

CM आवास घेराव पर क्या बोले प्रेम नायक?

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास के प्रस्तावित घेराव को लेकर प्रेम नायक ने कहा कि इस संबंध में चर्चा चल रही है और अभी तक अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास के घेराव के बजाय जेल भरो आंदोलन को बेहतर विकल्प बताया।

प्रेम ने आगे कहा कि स्कूल और कॉलेज बंद कराना भी आंदोलन का एक विकल्प हो सकता है। उनके मुताबिक छात्रों की मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।

20 अगस्त को बड़ा आंदोलन करने की तैयारी

JPSC-JSSC अभ्यर्थियों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव का एलान किया है। छात्र JPSC की 11वीं से 13वीं परीक्षा और JSSC-CGL समेत भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच CBI से कराने और संबंधित परीक्षाओं को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। 

यह भी पढ़ें- 23वें दिन भी जारी है JPSC-JSSC आंदोलन, 4 और छात्र भूख हड़ताल पर; देवेंद्र नाथ महतो अस्पताल में भर्ती

यह भी पढ़ें- 20 अगस्त को CM आवास घेराव से पहले रांची में बड़ा सुरक्षा प्लान, प्रमुख चौक-चौराहों पर होगी फोर्स की तैनाती