विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JPSC-JSSC Protest: रांची में 13वें दिन भी छात्रों का प्रदर्शन जारी, पुलिस बहाली के अभ्यर्थियों का मिला साथ

By Manoranjan SinghEdited By: Nishant Bharti
Published: Thu, 06 Aug 2026 08:35 AM (IST)

रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन तेरहवें दिन भी जारी है।

HighLights

  1. रांची में जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं पर छात्रों का आंदोलन नौवें दिन।

  2. पुलिस बहाली के अभ्यर्थियों ने भी आंदोलन को दिया समर्थन।

  3. छात्रों की मांग, भर्ती अनियमितताओं की सीबीआई जांच हो।

जागरण, संवाददाता,रांची। राजधानी के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में लगातार तेरहवें दिन जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। गुरुवार सुबह आंदोलन को पुलिस बहाली की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का भी समर्थन मिला।

पुलिस बहाली की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने जयपाल सिंह स्टेडियम का एक चक्कर लगाते हुए आंदोलन के समर्थन में नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि जब तक भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच नहीं होगी, तब तक आंदोलन और समर्थन जारी रहेगा।

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए

समर्थन देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि वे वर्षों तक कड़ी मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन यदि नौकरियां पैसे के बल पर दी जाएगी तो मेहनत करने वाले युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। उनका कहना था कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

इधर, आंदोलनकारी छात्रों ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से गुरुवार को वार्ता के लिए बुलाया गया है, लेकिन अब तक बैठक का समय और स्थान तय नहीं किया गया है। छात्रों का कहना है कि पहले आंदोलन की कोर कमेटी बैठक कर आगे की रणनीति तय करेगी, उसके बाद ही सरकार द्वारा निर्धारित स्थान पर वार्ता के लिए जाएगी।

मीडिया और सभी पक्षों की मौजूदगी में हो वार्ता

छात्रों ने स्पष्ट किया कि वार्ता पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। उनका कहना है कि बातचीत मीडिया और सभी पक्षों की मौजूदगी में हो, ताकि किसी तरह की गलतफहमी या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

छात्रों का कहना है कि उनकी प्रमुख मांग जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराना है और जब तक इस पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- JPSC Protest: NSUI ने आंदोलनकारी छात्रों का किया समर्थन, अध्यक्ष ने कहा- सरकार और संगठन के सामने रखेंगे मांगें