एनडीए में शामिल हुई झामुमो उलगुलान पार्टी
रांची दुमका और बेरमो उपचुनाव से पूर्व राजनीतिक दलों ने अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए स्थानीय पार्टियों का समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (उलगुलान) के अध्यक्ष कृष्णा मार्डी ने एनडीए का हिस्सा बनते हुए उपचुनाव में इसके उम्मीदवारों के समर्थन का एलान किया।
रांची : दुमका और बेरमो उपचुनाव से पूर्व राजनीतिक दलों ने अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए स्थानीय पार्टियों का समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (उलगुलान) के अध्यक्ष कृष्णा मार्डी ने एनडीए का हिस्सा बनते हुए उपचुनाव में इसके उम्मीदवारों के समर्थन का एलान किया। कृष्णा मार्डी सरायकेला विधानसभा से दो बार विधायक व सिंहभूम लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं। मार्डी ने सांसद रिश्वत कांड के बाद शिबू सोरेन के नेतृत्व वाली झामुमो से अलग होकर झामुमो (मार्डी गुट) का गठन किया था।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यो और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व से प्रभावित होकर झामुमो (उलगुलान) पार्टी ने एनडीए में शामिल होने का निर्णय लिया है। उपचुनाव में इनके समर्थन का लाभ पार्टी को दोनों सीटों पर मिलेगा। दुमका और बेरमो उपचुनाव में कांग्रेस, झामुमो के वंशवाद की राजनीति एक बार फिर जनता के सामने आ गई है। जनता इस उपचुनाव में वंशवाद की राजनीति करने वालों को सबक सिखाने के लिए तैयार है। भारत में कांग्रेस ने वंशवाद की राजनीति को आगे बढ़ाने का कार्य किया है।
वहीं, झामुमो (उलगुलान) के अध्यक्ष व पूर्व सांसद कृष्णा मार्डी ने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार से झारखंड की जनता त्रस्त है। यूपीए (यूनाइटेड प्रोग्रेसिव एलायंस) ने इस राज्य को लूटने का कार्य किया है। कांग्रेस-झामुमो सत्ता झूठे वादे कर हासिल की है। इनका झूठ अब बेनकाब हो गया है। झारखंड आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाली भाजपा ने ही इस राज्य का भला किया है। अटलजी की सरकार ने अलग राज्य का सपना साकार किया, एनडीए (नेशनल डेमाक्रेटिक एलायंस) के शासन काल में ही राज्य को विकास की रफ्तार मिली। अब हेमंत की सरकार में यह ठप पड़ गया है। उन्होंने कहा कि वे इस उपचुनाव में एनडीए उम्मीदवारों को जिताने का कार्य करेंगे। इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने कृष्णा मार्डी का स्वागत किया। पार्टी के सचिव दिगंबर महतो, मंत्री कृष्णा थापा, कार्यालय सचिव शिवशंकर महतो का भी भाजपा की ओर से स्वागत किया गया। इस मौके पर महामंत्री आदित्य साहू, सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक उपस्थित थे।
-------------