यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rajya Sabha Election: झामुमो ने आधी आबादी को दिया सम्मान... आभार के लिए शब्द नहीं... झारखंड की बनूंगी आवाज
Rajya Sabha Election 2022 राज्यसभा चुनाव में झामुमो ने साहित्यकार महुआ माजी को प्रत्याशी बनाया है। हेमंत सोरेन ने सोमवार ...और पढ़ें

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Rajya Sabha Election झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा राज्यसभा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद महुआ माजी ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया है। उन्होंने विधानसभा पहुंचकर नामांकन पत्र भरने से संबंधित जानकारी ली। वह मंगलवार को नामांकन दाखिल करेंगी। बातचीत में उन्होंने कहा कि उनके पास झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत पार्टी के वरीय नेताओं के प्रति आभार जताने के लिए शब्द नहीं है। पार्टी ने आधी आबादी को सम्मान दिया है।
पार्टी के भरोसे पर खरा उतरूंगी
महुआ माजी ने कहा कि एक लेखिका और समाजशास्त्री होने के नाते वह आरंभ से राज्य हित के प्रति मुखर रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य महिला आयोग समेत झामुमो महिला मोर्चा अध्यक्ष के तौर पर काम करने के दौरान भी उन्होंने सदैव लोगों से जुड़ाव बनाए रखा। लोगों के सुख-दुख में साथ रहना उनकी दिनचर्या बन गई है। पार्टी ने भरोसा जताया है कि सबकी उम्मीद पर खरा उतरूंगी। दिल्ली में झारखंड की आवाज बनूंगी।
मुझे सबके लिए काम करना
कांग्रेस से समर्थन के सवाल पर कहा कि सबके लिए काम करना है। इससे ताकत मिलेगी तो और मजबूती से काम करेंगे। अभी जानकारी मिली है तो बैठकर योजना तैयार करना है ताकि राज्य के मसले उठा सकूं। संगठन के लिए काम ही मेरा लक्ष्य है। मैंने हमेशा कार्यकर्ताओं के साथ रहकर आवाज बुलंद की है। कार्यकर्ता ही रहूंगी। समाज के लिए काम करना है। यह कार्यकर्ताओं के लिए भी संदेश है कि पार्टी के लिए वफादारी के साथ काम करना है। झामुमो के शीर्ष नेतृत्व ने इस काम के लायक समझा, उसके लिए मैं आभारी हूं। झारखंड खनिज संपदा से भरपूर प्रदेश हैं। यहां विकास के तमाम संभावना है। राज्य हित से जुड़े मामलों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाकर समाधान करना है।