JMM ने शुरू की चुनावी तैयारी, CM हेमंत व कल्पना सोरेन ने संभाली कमान; पार्टी मजबूत करने का किया आह्वान
इस साल झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इसके चलते पार्टी ने मंगलवार को कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम पश्चिम सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां जिले के पंचायत स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक की। इसमें कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा गया। बैठक में सीएम हेमंत सोरेन ने कार्यकर्ताओं को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया।
राज्य ब्यूरो, रांची। Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024 विधानसभा चुनाव के निमित्त सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कार्यकर्ताओं को तैयार रहने को कहा है। मंगलवार को कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां जिला के पंचायत स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक हरमू स्थित सोहराई भवन के सभागार में संपन्न हुई।
गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया। बैठक में राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे लोक कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा सांगठनिक रूप से युद्ध स्तर पर कार्यक्रमों को आयोजित कर योजनाओं का लाभ राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया।
वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए हुई बैठक
बैठक में आए सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। हेमंत सोरेन ने कार्यकर्ताओं में उत्साह तथा ऊर्जा का संचार करते हुए कहा कि सभी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। राज्य सरकार की योजनाओं का निचले स्तर तक प्रचार-प्रसार करना है।
विधायक कल्पना सोरेन ने बैठक में आए सभी कार्यकर्ताओं को योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने बैठक में आए कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करना है।
इसके लिए पंचायत स्तर तक कार्यक्रम होंगे। बैठक में कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां जिला के जिला समिति के सभी पदाधिकारी, वर्ग संगठनों के अध्यक्ष एवं सचिव, नगर व महानगर समिति के पदाधिकारी, प्रखंड समिति के पदाधिकारी तथा पंचायत समिति के अध्यक्ष तथा सचिव शामिल हुए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।