विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand Weather Update: 15 जनवरी तक अभी और सताएगी सर्दी, तापमान में 4 से 5 डिग्री गिरावट की संभावना

By Jagran NewsEdited By: Ritu Shaw
Published: Thu, 05 Jan 2023 09:14 AM (IST)

घने कोहरे पूरे उत्तर भारत को अपनी चपेट में ले रखा है। कड़ाके की सर्दी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर ...और पढ़ें

Jharkhand Weather Update: 15 जनवरी तक अभी और सताएगी सर्दी, तापमान में 4 से 5 डिग्री गिरावट की संभावना
Jharkhand Weather Update: 15 जनवरी तक अभी और सताएगी सर्दी, तापमान में 4 से 5 डिग्री गिरावट की संभावना

जागरण संवाददाता, रांची: उत्तर भारत में इस समय कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। घने कोहरे के कारण बुधवार को तीन फ्लाइटें रद कर दी गईं, जबकि छह विमानों को कोलकाता रूट में डायवर्ट किया गया। 17 फ्लाइटों ने विलंब से उड़ान भरी। खराब मौसम को देखते हुए गुरुवार को भी पुणे, दिल्ली और लखनऊ से आनेवाले तीन विमान रद करने की तैयारी की गई हैं। हालांकि, अभी तक इसे लेकर कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। वहीं आने वाले दिनों में भी इससे राहत मिलने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

राजधानी समेत पूरे राज्य में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और अगले चार दिनों में भी तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट की संभावना है। इसे लेकर मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने आमजनों के लिए अलर्ट जारी किया है। वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद बताते हैं कि पूरा राज्य कोहरे की चादर से लिपटा है। सुबह 11 बजे तक सूर्यदेव के दर्शन दुर्लभ हो चुके हैं। पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी हवा ने कनकनी बढ़ा दी है। पिछले एक सप्ताह के दौरान रांची के तापमान में तीन से चार डिग्री तक की गिरावट हो चुकी है। मौसम विज्ञान केंद्र की माने तो सुबह कोहरे या धुंध का असर रहेगा।

अगले कुछ दिनों मौसम का हाल

बताया जा रहा है कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान रात के तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। गुरुवार को देवघर, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहेबगंज में सुबह के समय कोहरे या धुंध और बाद में आसमान साफ रहेगा। मैकलुस्कीगंज में छह जनवरी को न्यूनतम तापमान छह डिग्री तक गिरने की संभावना है। कांके दूसरा सबसे ठंडा इलाका रहेगा। यहां बुधवार को भी न्यूनतनम तापमान सात डिग्री रहा। छह जनवरी को भी पारा न्यूनतम सात डिग्री तक जा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 06 से 08 जनवरी तक सुबह में कोहरे या धुंध और बाद आसमान साफ रहेगा एवं मौसम शुष्क रहेगा।

संभावित तापमान

मौसम पूर्वानुमान

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक 25.8 डिग्री जमशेदपुर का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 09.5 डिग्री खूंटी का रिकार्ड किया गया है। वहीं राजधानी रांची में अधिकतम 23.2 डिग्री व न्यूनतम 09 डिग्री दर्ज किया गया। आज राजधानी का अधिकतम 21 डिग्री व न्यूनतम 08 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम 23 डिग्री व न्यूनतम 07 डिग्री सेल्सियस जबकि शनिवार को अधिकतम 23 डिग्री व न्यूनतम 09 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

वहीं जमशेदपुर के मौसम की बात करें तो, कोल्हान प्रमंडल में भारी कोहरा देखा जा रहा है। आसमान में बादल भी छाए हुए है। इधर, ठंड भी लगातार बढ़ रही है। नए साल के बाद शहर में धूप नहीं खिली है। कोहरे व बादल के बीच लोगों की दिन कट रही है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अभी कोहरे से निजात नहीं मिलने वाली है। 15 जनवरी तक सुबह 10 बजे तक शहर में कोहरा देखने को मिलेगा। वहीं, अगले दो-तीन दिन तक घने कोहरे छाए रहेगा। इसे लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी किया है।

अगले पांच दिन मौसम शुष्क रहेगा। बुधवार को भी मौसम शुष्क रहा। धूप नहीं दिखी। न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री व अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। शहर का तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 जनवरी को तापमान घटकर नौ डिग्री होने की संभावना है, जो इस साल का अभी तक का सबसे कम तापमान होगा। उसके बाद तापमान में फिर से एक-दो डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। 10 जनवरी को शहर का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस होने की संभावना है।

वहीं धनबाद में भी हाड़ कपाने वाली सर्दी ने लोगों का जीना दूभर कर कर रखा है। आठ डिग्री पारे में कमरे के अंदर भी लोग ठिठुरन महसूस कर रहे हैं। ऐसे में सड़क पर अपना जीवन यापन करने वालों का बुरा हाल हो रखा है। गर्मी का तो जैसे तैसे खुले आसमान में बीत जाती है, लेकिन ठंड से जंग लगना मुश्किल है। ठंड से निपटने के लिए प्रशासन के बंदोबस्त का सच जानने दैनिक जागरण की टीम ने मंगलवार की देर रात शहर के प्रमुख जगहों का दौरा किया। दावे जो भी हों सच्चाई यही है ठिठुरती रात में जरूरतमंदों की उम्मीद भरी आंखें कंबल और अलाव तलाश रही हैं। एक-दो स्थानों पर अलाव की व्यवस्था थी तो कई जगहों पर लोग खुद से इंतजाम करते दिखे।

बोकारो में तापमान में लगातार गिरावट के साथ कड़ाके की ठंड जारी है। आने वाले कुछ दिनों तक राहत मिलने के आसार भी कम ही दिख रहे हैं। बुधवार को दोपहर में आसमान साफ हुआ और लोगों को दो दिनों के बाद सूर्य का दर्शन हुआ। बावजूद, तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 10 से 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली सर्द हवा ने लोगों को शीतलहरी का अहसास करा दिया। बुधवार को बोकारो का अधिकतम तापमान 22.0 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक ठंड व शीतलहरी से राहत मिलने वाली नहीं है।

अधिकतम तापमान 22-25 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 7-8 डिग्री के आसपास बना रहेगा। ऐसे में पूरे दिन लोग गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हैं। बता दें कि पिछले तीन दिन से आसमान में बादल रहने के कारण धूप नहीं निकल रही है। दिन में भी घना कोहरा होने के कारण वाहन चालकों को वाहनों की लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखने की जरूरत है।

पलामू समेत जिले भर का मौसम बदला रहा और अगले कुछ दिन भी मौसम में लगातार गिरावट जारी रहेगा। बुधवार को क्षेत्र कोहरा, बादल और सर्द हवा के साए में रहा। लगातार चौथे दिन भी अधिकतम तापमान में गिरावट जारी रही। बुधवार को 17.8 व न्यूनतम 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा।