विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में गर्मी से मिलेगी राहत: 14 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, 60KMPH की रफ्तार से चलेगी हवा 

Published: Wed, 27 May 2026 06:40 AM (IST)

Jharkhand Weather Update: झारखंड के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।

झारखंज का मौसम। ग्राफिक्स एआई जनरेटेड

झारखंज का मौसम। ग्राफिक्स एआई जनरेटेड

HighLights

  1. दो दिनों बाद तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट।

  2. उत्तर-पूर्वी, मध्य झारखंड में ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाएं, बिजली।

  3. पूरे राज्य में 1 जून तक येलो अलर्ट, आंशिक बादल छाए रहेंगे।

जागरण संवाददाता, रांची। Jharkhand Weather News: झारखंड के उत्तर पश्चिमी क्षेत्र यानी पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर शेष हिस्सों के लिए राहत भरा संदेश यह है कि अगले दो दिनों बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी Jharkhand Weather Forecast में बताया गया कि राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, साहिबगंज के अलावा निकटवर्ती मध्य भाग रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, धनबाद, बोकारो, गुमला, कोडरमा, लोहरदगा में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ-साथ 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के बहने और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूरे राज्य में यह स्थिति एक जून तक बनी रहेगी, इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बता दें कि रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में तपती गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। आलम यह है कि करीब दस जिलों का अधिकतम तापमान जहां 40 के पार पहुंच चुका है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्से में हीट वेव का असर अगले कुछ दिनों तक देखने को मिलेगा।

ऐसा रहा मौसम

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हुई जबकि उत्तर पश्चिमी हिस्से में हीटवेव का असर देखने को मिला। सबसे अधिक वर्षापात 19.5 मिमी पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई का रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 39.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

फिलहाल तापमान में बदलाव की संभावना नहीं 

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिनों तक यानी 27 और 28 मई के बीच अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, इसके बाद अगले तीन दिनों यानी 29, 30 मई और 1 जून को तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।

राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्से को छोड़कर शेष हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे कहीं कहीं हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है।

ऐसा रहेगा रांची में अगले चार दिनों का तापमान

  • 27 मई : अधिकतम 39 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस
  • 28 मई : अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस
  • 29 मई : अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस
  • 30 मई : अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस