Jharkhand Weather: झारखंड में मौसम का अजब खेल! कहीं बारिश तो कहीं कुहासे की दस्तक; अगले 3 दिन ठंड दिखाएगी अपना रंग
बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के कारण झारखंड के कई हिस्सों, विशेषकर रांची और आसपास के इलाकों में ...और पढ़ें

झारखंड में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश संभव।
HighLights
रांची समेत झारखंड के कई जिलों में बारिश के आसार।
तीन और चार नवंबर को गरज के साथ हो सकती है बारिश।
अगले तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री तक गिरेगा न्यूनतम तापमान।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची समेत झारखंड के मौसम में अगले कुछ दिनों तक बदलाव देखने को मिलेगा। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना के बीच राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश के आसार हैं। सोमवार को भी रांची में बादल छाये रहने और सुबह कुहासा देखने को मिल सकता है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रविवार सुबह रांची में हल्के से मध्यम दर्जे का कुहासा छा छाया रहा। दिन में आंशिक बादल छाए रहें। वहीं, राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ मेघ गर्जन रिकार्ड की गई है।
उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब तेजी से चक्रवाती तूफान में बदल रहा है। इसके तीन नवंबर की सुबह आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट पार करने का अनुमान है। हालांकि, झारखंड में इसका सीधा प्रभाव पड़ने को लेकर फिलहाल कोई विशेष चेतावनी नहीं है।
राज्य में बारिश और बादलों की स्थिति पर मौसम विभाग लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने की संभावना है।
दो से चार नवंबर तक बारिश और मेघ गर्जन के आसार
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, आज दो नवंबर को भी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में सुबह कुहासा और आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। तीन और चार नवंबर को राज्य के दक्षिणी तथा आसपास के मध्यवर्ती हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। ऐसे में रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा और आसपास के इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
पांच नवंबर से साफ होगा आसमान
पांच से सात नवंबर तक सुबह में हल्का कुहासा रहने और आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। बारिश की गतिविधियों में कमी आने के साथ मौसम सामान्य होने के संकेत हैं। हालांकि, न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सुबह और शाम ठंड बढ़ सकती है।
वहीं रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने एक से सात नवंबर तक राज्य के किसी भी जिले के लिए विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।