Jharkhand Weather: झारखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम! आज छाएंगे बादल, इन जिलों में बारिश-वज्रपात की चेतावनी
झारखंड में 5 से 7 अक्टूबर तक मौसम में बदलाव की संभावना है, जिसमें कई जिलों में बादल छाने, वज्रपात ...और पढ़ें

5 से 7 अक्टूबर तक झारखंड में मौसम बदलेगा।
HighLights
5 से 7 अक्टूबर तक झारखंड में मौसम बदलेगा।
रांची में भी बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश की उम्मीद।
डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। पिछले 24 घंटे मौसम शुष्क रहने के बाद आज 5 अक्टूबर से राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार 5 से 7 अक्टूबर तक राज्य में मौसम का असर देखने को मिलेगा। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
आज इन जिलों में दिखेगा मौसम का असर
5 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में आंशिक बादल छाये रहेंगे। इसके अलावा हजारीबाग, कोडरमा और चतरा में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका है।
6-7 अक्टूबर को पूरे राज्य में छाए रहेंगे बादल
6 से 7 अक्टूबर तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाये रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 7 अक्टूबर को राज्य में कहीं-कहीं वज्रपात के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
रांची में भी बदलेगा मौसम
राजधानी रांची में 5 अक्टूबर को आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। कुछ जगहों पर गर्जन वाले बादल बन सकते हैं। इसके बाद 6 से 8 अक्टूबर तक आसमान में बादल छाये रहने और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
तापमान में भी आएगी गिरावट
मौसम केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। न्यूनतम तापमान में अगले पांच दिनों के दौरान बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
