Weather Update: झारखंड में मानसून मेहरबान, रांची-चतरा समेत 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
Jharkhand Weather Update: रांची और आसपास के जिलों में सक्रिय मानसून से भारी बारिश हुई, कांके में जलजमाव की स्थिति ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड फोटो
HighLights
डेढ़ घंटे की बारिश से कांके में भीषण जलजमाव।
नालों की सफाई न होने से घरों में घुसा पानी।
रांची समेत 13 जिलों में 23 जुलाई तक येलो अलर्ट।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची समेत आसपास के जिलों में सक्रिय मानसून का असर देखने को मिल रहा है। रविवार को सक्रिय मानसून (Jharkhand Mansoon) की बानगी कांके क्षेत्र में देखने को मिली, जहां दोपहर में करीब डेढ़ घंटे तक झमाझम वर्षापात हुआ। जिससे पूरे क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। कई घरों और दुकानों में नाले का पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कांके क्षेत्र में हुई वर्षापात के कारण सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और वाहन चालकों को डेढ़ फीट पानी से होकर वाहनों को लेकर जाना पड़ा। बता दें कि नगर सरकार बने करीब चार माह हो गए और मानसून के मद्देनजर साफ सफाई का प्लान भी बना लेकिन सब कागजी साबित हो रहा है।
नालों की उड़ाही नहीं होने का परिणाम अब सबके सामने आ रहा है। वर्षापात के बाद जलजमाव इतना था कि लोगों को सड़क पर उतरने के लिए तब तक इंतजार करना पड़ा, जब तक कि सड़क से पानी का प्रवाह नहीं हो गया।
बारिश को लेकर येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी Jharkhand Weather Forecast में बताया गया कि फिलहाल वर्षापात की संभावना बनी रहेगी। 20 जुलाई को निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद के अलावा उत्तर पश्चिमी क्षेत्र पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है, इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के बहने और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। यह स्थिति 23 जुलाई तक बनी रहेगी।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों यानी 21, 22 और 23 जुलाई को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं कहीं हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई जबकि कहीं कहीं अत्यधिक वर्षापात हुए। सबसे अधिक वर्षापात 76.8 मिमी धनबाद के राजदह में रिकॉर्ड किया गया।
वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस सरायकेला का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रांची के कांके में रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 30.6 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
ऐसा रहेगा रांची में अगले चार दिनों का तापमान
20 जुलाई : अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस
21 जुलाई : अधिकतम 27 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस
22 जुलाई : अधिकतम 27 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस
23 जुलाई : अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।