Jharkhand Weather: झारखंड में मौसम बदलेगा करवट! रांची समेत पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, जिसमें गरज-चमक और तेज हवाएं चलेंगी। देवघर समेत ...और पढ़ें

झारखंड के कई जिलों में बारिश के आसार। जागरण
HighLights
अगले पांच दिनों तक झारखंड में मौसम में बदलाव की संभावना।
देवघर सहित पांच जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी।
डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, चार से आठ सितंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
वहीं, पांच सितंबर की सुबह राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट यानी सतर्क रहने की चेतावनी जारी की गई है।
पांच जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।
तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी
मौसम विभाग के पांच दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, रांची में चार सितंबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री रहने का अनुमान है, जो सात सितंबर तक बढ़कर 30 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं जमशेदपुर और सरायकेला में सात सितंबर तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री के आसपास पहुंचने का अनुमान है।
पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे जिलों में भी आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने वज्रपात से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बता दें कि, झारखंड में बारिश के बीच अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। राज्य के 10 जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान फ्लैश फ्लड की आशंका जताई गई है। फ्लैश फ्लड गाइडेंस के अनुसार, कई जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के क्षेत्रों में कम से मध्यम स्तर के अचानक बाढ़ का जोखिम है।
