रांची, जासं । रांची में शुक्रवार की सुबह मौसम शुष्क है। सुबह से तीखी धूप है। हवा नहीं चलने के कारण लोगों को सुबह से गर्मी के साथ उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिन में राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही एक से दो बार हल्की बारिश हो सकती है। वहीं आज राज्य के मध्य और उत्तर पश्चिम जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार कल से दो दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके अगले 24 घंटे में और गहरा होने की संभावना है। इसका असर 11 सिंतबर की शाम से झारखंड के विभिन्न जिलों में देखने को मिलेगा। इस दौरान राज्य के दक्षिणी जिले पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है। इसके बाद राज्य के अन्य जिलों में भी इस सिस्टम का असर देखने को मिलेगा। इसके अलावा राज्य में अभी किसी और अन्य सिनौप्टिक फीचर का असर होता हुआ नहीं दिख रहा है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मानसून की स्थिति सामान्य रही है। राज्य में कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश रिकार्ड की गयी। वहीं एक से दो स्थान पर भारी बारिश भी हुई। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश सरायकेला-खरसावां के नीमडी़ में 81.2 मिमी बारिश रिकार्ड किया गया। वहीं सबसे ज्यादा अधिकमत तामपान साहिबगंज में 35.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान साहेबगंज में 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

शहर अधिकतम तापमान   न्यूनतम तापमान

रांची          31.6                    23.8

जमशेदपुर  33.6                    25.2

मेदिनीनगर 33.7                    25.7

Edited By: Vikram Giri