Jharkhand Weather Update: तेज गर्मी व उमस से जिउतिया व्रती परेशान, अगले 3 दिनों तक होगी बारिश
Jharkhand Weather Update Alert मौसम विभाग के अनुसार रांची में दोपहर बाद गर्जन के साथ एक से दो बार बारिश हो सकती है।
रांची, जासं। रांची में गुरुवार को सुबह से ही उमस भरी गर्मी है। इससे निर्जला व्रत जिउतिया करने वाली व्रतियों को काफी मुश्किल हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार रांची में सुबह नौ बजे तापमान 28 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही हवा में आद्रता 86 प्रतिशत है। हालांकि व्रतियों को दोपहर बाद थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार रांची में दोपहर बाद गर्जन के साथ एक से दो बार बारिश हो सकती है।
साथ ही, झारखंड के कई जिलों में वज्रपात के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में राज्य में मानसून की स्थिति काफी कमजोर रही है। बुधवार को राज्य के कई जिलों में गर्जन के साथ हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश मैथन में 32.6 मिमी रिकॉर्ड किया गया। वहीं रांची में भी 11 मिमी बारिश हुई। वर्तमान में मानसून का टर्फ लाइन गया और हजारीबाग होते हुए उत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है।
बंगाल की खाड़ी में आंध्र प्रदेश के तट के पास एक कम दबाव का क्षेत्र बनता हुआ दिख रहा है। इसके 13 सितंबर तक सक्रिय होने की संभावना है। यह धीरे-धीरे झारखंड की तरफ भी बढ़ सकता है। इस मानसून राज्य में अभी तक 12 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार एक जून से नौ सितंबर तक औसत 900 मिमी बारिश होनी चाहिए थी।
वहीं, अभी तक केवल 794.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। राज्य में दस जिले ऐसे हैं जहां 20 प्रतिशत से कम बारिश हुई है। इसमें सबसे बुरी हालत गुमला और देवघर की है। गुमला में 49 प्रतिशत और देवघर में 46 प्रतिशत कम बारिश हुई है।