झारखंड मौसम अपडेट: रांची में कोहरा, बारिश के साथ छाए रहेंगे बादल; अगले पांच दिनों का हाल
Weather Jharkhand: झारखंड के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में अगले तीन दिनों तक बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है। ...और पढ़ें

पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं।
HighLights
दक्षिणी और मध्य झारखंड में बारिश की संभावना।
रांची समेत कई जिलों में सुबह कोहरा रहेगा।
अगले पांच दिनों तक तापमान में बदलाव नहीं।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची समेत झारखंड के मौसम में अगले कुछ दिनों तक उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार की सुबह रांची समेत राज्य के कई जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छा सकता है।
वहीं, दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने के साथ मेघ गर्जन की भी संभावना जताई गई है। वहीं सोमवार को रांची का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी में बारिश दर्ज नहीं की गई।
राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान लातेहार में 33.3 डिग्री दर्ज किया गया। जमशेदपुर में 31.2, डालटनगंज में 31, चाईबासा में 31 और सरायकेला में 31.5 डिग्री तापमान रहा। वहीं, लातेहार का न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री दर्ज किया गया।
तीन नवंबर तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तीन नवंबर को भी दक्षिणी और उससे सटे मध्य झारखंड के कुछ इलाकों में बारिश तथा मेघ गर्जन की संभावना है। चार नवंबर को दक्षिणी झारखंड में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं पांच और छह नवंबर को सुबह के समय कोहरा और कुहासा छाए रहने की संभावना है। हालांकि, इसके बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। सात नवंबर को भी सुबह कोहरा और कुहासा रहने का पूर्वानुमान है।
तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी विशेष परिवर्तन नहीं होगा।
इसके बाद अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। दो से आठ नवंबर तक राज्य के किसी भी हिस्से के लिए मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।