विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में चक्रवाती तूफान 'अकवान': रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 23-24 नवंबर से मौसम साफ

Published: Fri, 20 Nov 2026 07:05 AM (IST)

चक्रवाती तूफान अकवान के असर से झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम बदला रहेगा, जिसमें रांची समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। बारिश के बाद ठंड बढ़ेगी और 24-25 नवंबर को हल्का कोहरा छा सकता है।

रांची समेत कई जिलों में छाए रहेंगे बादल, गरज-चमक के साथ 40-50 किमी की रफ्तार से चल सकती है हवा।

रांची समेत कई जिलों में छाए रहेंगे बादल, गरज-चमक के साथ 40-50 किमी की रफ्तार से चल सकती है हवा।

HighLights

  1. चक्रवाती तूफान अकवान से झारखंड में पांच दिन बदलेगा मौसम।

  2. रांची समेत दक्षिणी-मध्य झारखंड में आज भारी बारिश की चेतावनी।

  3. बारिश के बाद तापमान गिरेगा, बढ़ेगी ठंड और कोहरा छाएगा।

जागरण संवाददाता, रांची। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान का असर झारखंड के मौसम पर भी देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा।

शुक्रवार से 23 नवंबर तक अलग-अलग हिस्सों में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा चल सकती है। शुक्रवार को दक्षिणी और मध्य झारखंड में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं, 21 नवंबर को उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश का प्रभाव देखने को मिल सकता है।

वहीं गुरुवार को रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी रिकार्ड की गई है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि शुक्रवार को राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा और रामगढ़ में बारिश की संभावना है। इसके अलावा बोकारो और धनबाद के आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान गरज-चमक और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका है।

21 नवंबर को संताल परगना में बारिश के आसार

21 नवंबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं, अन्य जिलों में भी बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। राजधानी रांची में शुक्रवार व शनिवार तक सामान्यत: बादल छाए रहेंगे।

इस दौरान दो या अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं गुरुवार को अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।

- 20 नवंबर: अधिकतम 23 और न्यूनतम 17 डिग्री।
- 21 नवंबर: अधिकतम 23 और न्यूनतम 17 डिग्री।
- 22 नवंबर: बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश, तापमान 26 और 16 डिग्री रहने का अनुमान।
- 23 नवंबर: आंशिक बादल रहेंगे और मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

बारिश के बाद बढ़ेगा ठंड का एहसास

मौसम में बदलाव के कारण राजधानी समेत राज्य के कई हिस्सों में दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। सुबह और शाम ठंड का एहसास बढ़ेगा। 24 और 25 नवंबर की सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाने के बाद आसमान साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे नहीं रहने की सलाह दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।