विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Voter List Update: 18 वर्ष के हो चुके युवा और छूटे हुए मतदाता कल जुड़वा सकेंगे नाम, जानिए क्या है पूरी प्रक्रिया

Published: Tue, 17 Nov 2026 07:07 PM (IST)

झारखंड में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत छूटे हुए पात्र मतदाताओं को एक और मौका दिया जा रहा है।

बुधवार को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर और 'चुनाव पाठशाला' का आयोजन होगा, जिसमें 18 वर्ष के युवा भी पंजीकरण करा सकेंगे।

बुधवार को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर और 'चुनाव पाठशाला' का आयोजन होगा, जिसमें 18 वर्ष के युवा भी पंजीकरण करा सकेंगे।

HighLights

  1. बुधवार को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर का आयोजन।

  2. छूटे हुए पात्र मतदाता और 18 वर्ष के युवा पंजीकरण कराएं।

  3. एएसडीडी सूची त्रुटियों को सुधारने और दस्तावेज जमा करने का मौका।

राज्‍य ब्‍यूरो, रांची। झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान के तहत निर्वाचन आयोग ने छूटे हुए पात्र मतदाताओं को बड़ी राहत दी है। 

 
ऐसे सभी नागरिक जिनका नाम किसी कारणवश अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है या जिनकी एसआइआर प्रक्रिया अधूरी रह गई है, उन्हें बुधवार को एक और मौका दिया जाएगा। 
 
इसके तहत राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष रूप से ‘एक और अवसर’ शिविर का आयोजन किया जाएगा।
 
इस विशेष अभियान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) की बैठक आयोजित होगी। 
 
इसके साथ ही मतदाताओं को जागरूक करने के लिए 'चुनाव पाठशाला' कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।
 
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। 
 
उन्होंने जानकारी दी कि एसआइआर के तहत आयोजित होने वाली यह छठी और अंतिम बीएलओ-बीएलए-2 बैठक है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से इस अंतिम अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
 

इन तीन प्रमुख प्रक्रियाओं के लिए आयोजित हो रहा है शिविर: 

  • एएसडीडी सूची का पुनः प्रकाशन: सभी मतदान केंद्रों पर अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टि (एएसडीडी) वाली सूची को फिर से प्रकाशित किया जाएगा।  
यदि किसी पात्र नागरिक का नाम गलती से इस सूची में शामिल हो गया है, तो वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फार्म-6 या इन्यूमरेशन फार्म जमा कर अपना नाम पुनः जुड़वा सकेंगे।
 
  • दस्तावेज जमा करने का अवसर: 'नो मैपिंग', तार्किक विसंगति एवं अन्य श्रेणियों के ऐसे मतदाताओं की सूची भी बूथों पर उपलब्ध रहेगी।  
जिन्होंने निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) द्वारा दो बार नोटिस जारी किए जाने और घर-घर सत्यापन के बावजूद अब तक आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए हैं। ऐसे मतदाता शिविर में अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर सकेंगे।
 
  • नए युवा मतदाताओं का पंजीकरण: ऐसे सभी पात्र भारतीय नागरिक, जिन्होंने 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है और अब तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा सके हैं।  
उनकी पहचान की जा रही है। शिविर में इन युवाओं से फार्म-6 प्राप्त कर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने की त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।