झारखंड में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का एक और अवसर, 18 नवंबर को सभी बूथों पर लगेगा विशेष कैंप
निर्वाचन आयोग ने झारखंड में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत छूटे हुए पात्र नागरिकों को एक और ...और पढ़ें

विशेष कैंप के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बीएलएओ-बीएलए-2 की बैठक और 'चुनाव पाठशाला' की छठी बैठक भी आयोजित की जाएगी।
HighLights
18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप का आयोजन।
छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका।
एएसडीडी सूची के पात्र मतदाता प्रपत्र-6 भरकर आवेदन करें।
राज्य ब्यूरो, रांची। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत निर्वाचन आयोग ने छूटे हुए और पात्र नागरिकों को एक बड़ी राहत दी है।
एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट, मृत) सूची में शामिल पात्र मतदाताओं को अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए 18 नवंबर को राज्यभर के सभी मतदान केंद्रों पर 'एक और अवसर कैंप' का आयोजन किया जाएगा।
सुबह 11 से दोपहर 4 बजे तक लगेगा कैंप
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, जिन पात्र मतदाताओं का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है, उन्हें अंतिम मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का यह विशेष मौका दिया जा रहा है।
यह कैंप राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने इस संबंध में सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
कैंप में बीएलओ और चुनाव पाठशाला की बैठक
विशेष कैंप के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बीएलएओ-बीएलए-2 की बैठक और 'चुनाव पाठशाला' की छठी बैठक भी आयोजित की जाएगी।
इस दौरान एएसडीडी सूची में शामिल ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जो संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास कर रहे हैं।
जिन्होंने अब तक प्रपत्र-6 नहीं भरा है। बीएलओ द्वारा पात्रता का सत्यापन कर प्रपत्र और आवश्यक घोषणा पत्र प्राप्त किए जाएंगे।
सूची का होगा वाचन, दर्ज करा सकेंगे आपत्तियां
सुनवाई और सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपात्र पाए गए व्यक्तियों की नामवार सूची प्रपत्र-3 में सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित की जाएगी।
बीएलओ द्वारा उपस्थित सदस्यों के समक्ष इस सूची को पढ़कर सुनाया जाएगा, ताकि आम नागरिकों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव व आपत्तियां प्राप्त की जा सकें।
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मतदान केंद्र क्षेत्र के ऐसे सभी पात्र नागरिक, जिन्होंने अब तक प्रपत्र-6 नहीं भरा है, वे इस कैंप का लाभ उठाकर प्रपत्र-6 और आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।