झारखंड: 15 अगस्त को सभी बूथों पर लगेगी ग्राम सभा, BLO पढ़कर सुनाएंगे मतदाता सूची
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 15 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर ग्राम सभाएं आयोजित होंगी।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
HighLights
15 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर ग्राम सभा।
बीएलओ प्रारूप मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे, पंजीकरण हेतु आग्रह।
मतदाता सूची डिजिटाइजेशन 98% पूरा, 10 विधानसभा क्षेत्र शत-प्रतिशत।
राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआइआर) के तहत पांच अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन होना है।
इसके बाद दावा एवं आपत्ति चरण शुरू होगा। इस अवधि में मतदाताओं की सुविधा के लिए 15 अगस्त को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर ग्राम सभा आयोजित की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मैनुअल ऑफ इलेक्टोरल राल्स, 2023 के प्रविधानों के तहत ही राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर ग्राम सभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे यह सुनिश्चित करेंगे कि 15 अगस्त को मतदान केंद्रों पर बीएलओ प्रारूप मतदाता सूची में अंकित सभी मतदाताओं का नाम उच्च स्वर में पढ़कर सुनाएं।
साथ ही एक अक्टूबर को 18 वर्ष पूरी करने वाले पात्र भारतीय नागरिकों से प्रपत्र-6 के साथ घोषणा पत्र भरकर मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए अनुरोध करें।
उन्होंने कहा कि यदि प्रारूप मतदाता सूची में कोई अशुद्धि पाई जाती है, तो प्रपत्र -8 भर कर समर्पित करने का अनुरोध करें। बीएलओ चुनाव पाठशाला के सदस्यों के सहयोग से इस ग्राम सभा के आयोजन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित यह ग्राम सभा अलग से आयोजित की जाएगी और अन्य विभागीय कार्यक्रमों के साथ इस ग्राम सभा की कार्यवाही को संलग्न नहीं किया जाएगा।
प्रचार-प्रसार तेज
उन्होंने आयोजित होनेवाली ग्राम सभा का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। इधर, गणना चरण में मात्र दो दिन शेष रह गए हैं।
हालांकि, लगभग 98 प्रतिशत मतदाताओं के गणना प्रपत्र का डिजिटाइजेशन हो चुका है। दो प्रतिशत मतदाताओं का ही गणना प्रपत्र डिजिटाइज्ड होना बाकी है।
राज्य के 81 विधानसभा क्षेत्रों में 10 विधानसभा क्षेत्रों में शत-प्रतिशत मतदाताओं के गणना प्रपत्र डिजिटाइज्ड हो चुके हैं। इनमें कोडरमा, सिमडेगा, कोलेबिरा, विश्रामपुर, भवनाथपुर, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर तथा चक्रधरपुर सम्मिलित है।