Triple Talaq Case: पत्नी को किया कमरे में बंद... गिड़गिड़ाती रह गई बेगम... कहा- तलाक, तलाक, तलाक
Triple Talaq Case यह घटना झारखंड की राजधानी रांची की है। यहां तीन तलाक का मामला सामने आया है। पीड़िता ने डेली मार्केट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पति सास-ससुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रांची, जागरण संवाददाता। रांची शहर के डेली मार्केट इलाके में रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति नदीम हसन के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और तीन तलाक देने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसका पति ससुराल पहुंचा। अपनी पत्नी को कमरे में बंद कर दिया। वहीं पर तीन बार तलाक, तलाक, तलाक बोल दिया। इसके बाद वहां से चलते बना।
पीड़िता अपने पति के सामने रहम की भीख मांगती रही। हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती रही, लेकिन पति का दिल नहीं पसीजा। उसने पत्नी की एक बात नहीं सुनी। उसके सिर पर गुस्से का भूत सवार था। वह तय करके आया था कि उसे तलाक देकर ही रहेगा। वह कुछ भी समझने को तैयार नहीं था। इसके बाद पीड़िता रांची के डेली मार्केट थाने पहुंची। उसने अपने पति, सास और ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है।
दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप
पीड़िता ने प्राथमिकी में कहा है कि वह डेली मार्केट थाना क्षेत्र स्थित तिवारी स्ट्रीट में रहती है। उसकी शादी 9 नवंबर 2021 को नदीम हसन के साथ हुई थी। ससुराल कांटा टोली इद्रीस कालोनी में है। शादी के बाद से ससुराल में उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। वह लोक-लाज और समाज के डर से वह चुप रही। शादी के बाद सास मोमिना खातून और ससुर मो. सुलेमान ने भी कई बार उसके साथ मारपीट की।
पीड़िता की मानें तो उस पर बार-बार मायके से पैसा लाने के लिए दबाव बनाया जाता था। उसने पुलिस को बताया है कि दहेज के रूप में ससुराल वालों ने पांच लाख रुपये लिए थे। इसके अलावा शादी में 10 लाख रुपये खर्च किए गए थे। ससुराल में लगातार प्रताड़ित होने की वजह से वह अपने मायके चली आई।
ससुराल पहुंचकर दिया तीन तलाक
पीड़िता के अनुसार, 16 फरवरी की रात पति नदीम उसके मायके पहुंचा। वह गुस्से में था। जब उसने उसे समझाने की कोशिश की तो उसने एक बात न सुनी। उसे एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। इतना ही नहीं तीन बार तलाक, तलाक, तलाक कह दिया। इसके बाद वह अपने घर चला गया।
पीड़िता की मानें तो तीन माह तक पति ने उससे बातचीत नहीं की है। इसके बाद उसने घरवालों को पति की करतूत की जानकारी दी। तीन तलाक वाली घटना के बारे में बताया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।