झारखंड के कोषागारों से अवैध वेतन निकासी की जांच जारी, अब हजारीबाग में दस्तावेज खंगालेगी हाई लेबल कमेटी
जिला कोषागारों से अवैध वेतन निकासी मामले की जांच कर रही उच्च स्तरीय समिति दुर्गा पूजा के बाद हजारीबाग जाएगी। ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड ईमेज।
HighLights
हजारीबाग में अवैध वेतन निकासी मामले की जांच करेगी उच्च स्तरीय समिति।
बोकारो के एसपी कार्यालय में जांच पूरी, हजारीबाग में पड़ताल अभी जारी।
जांच पूरी होने के बाद समिति राज्य सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
राज्य ब्यूरो, रांची। जिला कोषागार से अवैध वेतन निकासी मामले की जांच कर रही उच्च स्तरीय जांच समिति दुर्गा पूजा के बाद हजारीबाग जाएगी। राज्य सरकार के निर्देश पर उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के प्रधान सचिव डॉ. अमिताभ कौशल के नेतृत्व में गठित उच्च स्तरीय समिति को भी जिला कोषागारों से अवैध तरीके से वेतन की निकासी के प्रत्येक बिंदुओं को खंगालने की जिम्मा सौंपा गया था।
उच्च स्तरीय जांच समिति ने बोकारो व हजारीबाग जिले में संबंधित कोषागार के माध्यम से वेतन व अन्य मद में बड़े पैमाने पर राशि की अवैध निकासी के मामले में अप्रैल 2026 में ही जांच की कमान संभाली थी। करीब पांच महीने से चल रही जांच के क्रम में समिति ने एसपी कार्यालय बोकारो में अवैध वेतन निकासी मामले में अपनी जांच पूरी कर ली है।
एसपी कार्यालय हजारीबाग में अवैध वेतन निकासी मामले में जांच अभी जारी है।इन दो जिलों में जांच पूरी होने के बाद उच्च स्तरीय जांच समिति अन्य जिलों को कोषागार से अवैध वेतन निकासी मामले की जांच करेगी और फिर जांच पूरी होने के बाद राज्य सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
पुलिस मैनुअल, ट्रेजरी कोड व वित्तीय दिशा-निर्देश के आधार पर समिति कर रही है पूरे मामले की जांच
उच्च स्तरीय जांच समिति पुलिस मैनुअल, ट्रेजरी कोड व वित्तीय दिशा-निर्देश के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। डीसी हजारीबाग ने भी समिति को एसपी हजारीबाग कार्यालय में स्वीकृत बल, बजट व आवंटन की फाइल, जिला बल रजिस्टर, मास्टर रोल, वेतन ज्ञापन, बिल की फाइलें, स्थापना मद के दस्तावेज, डीडीओ व लिपिकों का विवरण, भुगतान व बैंक खाता से जुड़े दस्तावेज आदि उपलब्ध कराया था।
समिति ने जांच के क्रम में कई बार वीडियो कांफ्रेंसिंग से भी बैठक की। अब समिति हजारीबाग जाएगी और सभी प्रमुख बिंदुओं पर छानबीन करेगी, ताकि शीघ्र रिपोर्ट तैयार की जा सके।
उच्च स्तरीय जांच समिति में ये हैं शामिल
वरिष्ठ आRएएस अधिकारी डॉ. अमिताभ कौशल के अलावा, प्रधान महालेखाकार (लेखा परीक्षा) के प्रतिनिधि डिप्टी अकाउंटेंट जनरल भार्गव राम ख्याति, वित्त विभाग की उप सचिव ज्योति कुमारी झा, अवर सचिव कपिल देव पंडित, अंकेक्षण निदेशालय के लेखा नियंत्रक नरेश झा, एनआईसी के वरीय निदेशक (आईटी) ओमेश प्रसाद सिन्हा, सहायक निदेशक गौरव कुमार तथा सदस्य सचिव के रूप में वित्त विभाग के प्रशाखा पदाधिकारी खिरोद सिंह मुंडा।
