झारखंड के कोषागारों में संगठित रूप से पोर्टल में छेड़छाड़ कर हुई अवैध वेतन की निकासी, 7 जिलों में 18 पर चार्जशीट
सीआईडी ने झारखंड के सात जिलों में कोषागारों से अवैध वेतन निकासी मामले में 18 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल ...और पढ़ें

झारखंड कोषागार घोटाला: सीआईडी ने 7 जिलों में 18 आरोपियों पर दाखिल की चार्जशीट।
HighLights
सीआईडी ने 7 जिलों में 18 आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल की।
सेवानिवृत्त/मृत कर्मचारियों के नाम पर अवैध वेतन निकासी।
बोकारो, हजारीबाग, रांची सहित कई जिलों में घोटाला।
दिलीप कुमार, रांची। झारखंड के जिलों के कोषागार से अवैध वेतन निकासी मामले की जांच कर रही सीआईडी ने 18 आरोपितों के विरुद्ध सात जिलों में अलग-अलग चार्जशीट दाखिल कर दी है। सीआईडी ने चार्जशीट में उल्लेख किया है कि सभी जिलों में अवैध वेतन निकासी का पैटर्न लगभग एक समान है।
इनमें बोकारो के एसपी कार्यालय से जुड़े चार सिपाही-पदाधिकारी, हजारीबाग में एसपी कार्यालय से जुड़े छह सिपाही व उनके रिश्तेदार तथा सहयोगी, चाईबासा में एसपी कार्यालय के लेखा शाखा से जुड़े चार सिपाही, खूंटी के एसआईआरबी-2 के लेखा शाखा का एक सिपाही व फरार एक सहयोगी, रांची व रामगढ़ में पशुपालन विभाग के लेखा शाखा से संबद्ध एक कर्मी व देवघर में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा एक कर्मी शामिल है।
आरोपितों ने अपने जिले के ड्राइंग एंड डिसबर्सिंग अफिसर (डीडीओ) का मोबाइल लेकर उसमें आने वाले ओटीपी का उपयोग कर सेवानिवृत्त या मृत कर्मचारियों की जन्मतिथि में छेड़छाड़ कर उन्हें कार्यरत दिखाया, उनके नाम पर वेतन की निकासी की।
किस जिले में किसके विरुद्ध CID ने दाखिल की है चार्जशीट
- बोकारो : सिपाही सह मुख्य आरोपित कौशल पांडेय, एएसआइ अशोक भंडारी, गृह रक्षक सतीश कुमार व काजल मंडल। यहां करीब 11 करोड़ रुपये की अवैध निकासी।
- हजारीबाग : सिपाही सह मुख्य आरोपित शंभू कुमार सिंह, उसकी पत्नी काजल कुमारी, सहयोगी सिपाही रजनीश कुमार सिंह उर्फ पंकज सिंह, राजनीश कुमार सिंह की पत्नी खुशबू कुमारी, सहयोगी धीरेंद्र कुमार सिंह व रिश्तेदार सौरभ कुमार। यहां 31 करोड़ रुपये की अवैध निकासी।
- चाईबासा : सिपाही सह मुख्य आरोपित देवनारायण मुर्मू के अलावा सरकार हेम्ब्रम, अरुण मार्डी व गोराचंद मांर्डी। यहां करीब तीन करोड़ रुपये की अवैध निकासी।
- खूंटी : सिपाही सह मुख्य आरोपित गिरफ्तार शुभम कुमार तथा फरार अजित कुमार। यहां 22.46 लाख रुपये की अवैध निकासी।
- रांची व रामगढ़ : इंस्टीच्यूट आफ एनिमल हेल्थ एंड प्रोडक्शन के दो कर्मचारी मुनिंद्र कुमार व संजीव कुमार। रांची में 2.93 करोड़ रुपये व रामगढ़ में करीब 34.25 लाख रुपये की अवैध निकासी।
- देवघर : स्वास्थ्य विभाग की पूर्व लेखा लिपिक सविता कुमारी। करीब 99 लाख रुपये की अवैध निकासी।
