झारखंड में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 500 चार्जिंग स्टेशन बनेंगे, पूर्वी भारत का प्रमुख ईवी डेस्टिनेशन बनाने की तैयारी
झारखंड परिवहन विभाग ने राज्य को पूर्वी भारत का प्रमुख ईवी डेस्टिनेशन बनाने के लिए 500 इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन ...और पढ़ें

सरकारी स्तर से स्वीकृत प्रोजेक्ट पर बैंक देंगे ऋण, सड़क किनारे के भू-स्वामियों को लाभ। (तस्वीर: सांकेतिक)
HighLights
झारखंड में 500 नए ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित होंगे।
स्टेशन पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर बनेंगे।
राज्य में इलेक्ट्रिक वाहन एक्सपो का भी आयोजन होगा।
आशीष झा, रांची। झारखंड को आनेवाले कुछ वर्षों में पूर्वी भारत का प्रमुख ईवी डेस्टिनेशन बनाने की तैयारी में परिवहन विभाग की टीम लग गई है। राज्य सरकार ने यूं तो एक हजार चार्जिंग स्टेशन खोलने का निर्णय लिया है लेकिन परिवहन विभाग इसकी शुरुआत पांच सौ इकाइयों के साथ करना चाहता है।
विभाग ने इसके लिए प्रस्ताव भी तैयार कर लिया है और इसपर निर्णय के लिए मुख्य सचिव के पास प्रस्ताव को भेज भी दिया गया है। मुख्य सचिव से सहमति मिलने के बाद इस प्रस्ताव को कैबिनेट के पास भेजा जाएगा।
राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ा प्लान तैयार किया है। परिवहन विभाग की ओर से प्रस्तावित योजना के तहत राज्य में कुल एक हजार ईवी चार्जिंग स्टेशन खोले जाने की तैयारी है, जिसकी शुरुआत फिलहाल पांच सौ चार्जिंग इकाइयों के साथ की जाएगी।
सभी चार्जिंग स्टेशन पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) माडल पर स्थापित किए जाएंगे। इस माडल में सरकार की भूमिका केवल स्थल चयन को लेकर मार्गदर्शिका बनाने तक सीमित होगी। निजी कंपनियां स्टेशनों की स्थापना और संचालन का जिम्मा उठाएंगी।
पूरा लाभ उन्हें मिलेगा जिनकी जमीन पर यह स्टेशन खुलेंगे। लेकिन, इसके लिए पहली शर्त है कि मुख्य मार्ग पर जमीन होनी चाहिए। जमीन के क्षेत्रफल को लेकर अभी काई निर्णय नहीं हुआ है।
उम्मीद जताई जा रही है कि अगले माह से यह योजना धरातल पर दिखने लगेगी और चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना का काम शुरू हो जाएगा। माना जा रहा है कि इस पहल से राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बल मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
झारखंड में आयोजित होगा ईवी एक्सपो
राज्य सरकार शीघ्र ही झारखंड में ईवी एक्सपो के आयोजन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने जा रही है। परिवहन विभाग ने इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने के लिए अपनी टीम को लगा दिया है। बताया जा रहा है कि देश-विदेश की तमाम नामी कंपनियों को इस एक्सपो में आमंत्रित किया जाएगा। यह कार्यक्रम अपनेआप में बहुत ही भव्य होने की उम्मीद है।
परिवहन विभाग जोर-शोर से तैयारियाें में जुटा हुआ है। एक्सपो के आयोजन के बाद झारखंड को पूरे देश में एक अलग पहचान मिलेगी। ईवी को लेकर कई नीतिगत निर्णय लेने की भी तैयारी है।
-राजीव रंजन, सचिव, परिवहन विभाग।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।