झारखंड में तूफान से फसल बर्बाद, 55 हजार किसानों ने क्षति का दावा; कृषि विभाग दिलाएगा बीमा दावा
झारखंड में हालिया तूफान से धान और सब्जियों को भारी नुकसान हुआ है, जिसके बाद कृषि विभाग किसानों को फसल बीमा का दावा समय पर दिलाने में जुटा है। अब तक 55 हजार किसानों ने क्षति का दावा किया है।

13 लाख किसानों का हुआ बिरसा पीएम फसल बीमा। (तस्वीर: एआई जेनरेटेड)
मनोज सिंह, रांची। झारखंड में पिछले दिनों आए तूफान ने धान सहित अन्य फसलों काफी नुकसान पहुंचाया है। तूफान का असर सभी पर पड़ा है। कई जगहों पर धान की फसल खलिहान में रखे हुए भींग गई है, तो कई जगहों पर तूफान के साथ चली हवा ने खेत में फसल को गिरा दिया है। इसकी वजह से धान सड़ने की कगार पर पहुंच गए हैं।
तूफान ने फसल के साथ सब्जियों को भी काफी नुकसान पहुंचाया है। इस स्थिति से निपटने के लिए और किसानों को उनकी लागत का सही मुआवजा दिलाने के लिए कृषि विभाग रेस हो गया है। लेकिन अभी आकड़ा करीब 55 हजार तक ही पहुंचा है। इतने लोगों ने ही अभी तक अपने फसल की क्षति का दावा पंजीकृत कराया है।
नियमानुसार 72 घंटे यानी तीन दिन में किसानों को अपने फसल की क्षति की जानकारी देनी है। इस अवधि को देखते हुए कृषि विभाग ने जिले के सभी अधिकारी और पदाधिकारियों को इस कार्य में लगा दिया गया है।
ताकि ज्यादा से ज्यादा किसानों के क्षति का दावा पंजीकृत किया जा सके। कृषि विभाग की मंशा है कि प्रत्येक जिले में कम से कम 40 प्रतिशत किसानों की ओर फसल बीमा का दावा किया जाए।
13 लाख किसानों का हुआ फसल बीमा
को-आपरेटिव सोसाइटी के निबंधक शशि रंजन ने बताया कि राज्य के 13 लाख से अधिक किसानों का बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसल का बीमा कराया है। विभाग की ओर से किसानों से उनकी फसल का बीमा कराने के लिए मात्र एक रुपये लिए गए हैं।
बीमा का पूरा प्रीमियम लगभग 350 करोड़ रुपये सरकार की ओर से वहन किया गया है। इसमें केंद्र सरकार का भी अंश है। अकवन तूफान के बाद 20174 दावे के मुकाबले बीमा कंपनी की ओर से 14035 दावे स्वीकार किए गए हैं।
बाकी अभी दावे अभी लंबित है। 9155 दावों की जांच के लिए 2804 सर्वेयर नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसान चार तरीकों से अपनी फसल की क्षति का दावा कर सकता है। केसीसी लोन लेने वाले बैंक में, टोल फ्री नंबर 14447 पर, सीएससी केंद्र और बीमा कंपनी को सूचना दी जा सकती है।
हालांकि प्रत्येक जिले में पांच-पांच वाट्सएप नंबर जारी किए हैं, जहां पर क्षति के दावे की जानकारी भेजी जा सकती है। राज्य में एसबीआइ जनरल, टाटा एआइजी, बजाज जनरल, गो डिजिट और ओरिएंट जनरल इंश्योरेंस कंपनियों की ओर से फसल का बीमा किया गया है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा दावा
| जिला | क्षति दावा | दावा स्वीकार | दावा लंबित |
| देवघर | 5374 | 4111 | 1263 |
| दुमका | 2728 | 1735 | 993 |
| गढ़वा | 1626 | 984 | 642 |
| पूर्वी सिंहभूम | 1285 | 1127 | 156 |
| गोड्डा | 1287 | 899 | 388 |
| पलामू | 1189 | 761 | 428 |
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।